दशहरा 2026: शस्त्र पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है? जानें सही विधि और धार्मिक महत्व
Dussehra 2026: अश्विन माह की दशमी के दिन दशहरा का पर्व मनाया जाता है जिसे विजयादशमी भी कहते हैं। इस दिन कई घरों में शस्त्र पूजा की जाती है। शस्त्र पूजा से पहले अपराजिता देवी की पूजा करते हैं। शस्त्र पूजा अभिजीत या विजय मुहूर्त में करते हैं। चलिए जानते हैं आयुध पूजा का शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और देवी अपराजिता की पूजा का महत्व।
20 अक्टूबर 2026 मंगलवार विजयादशमी दशहरा मुहूर्त:
दशमी तिथि की शुरुआत: 20 अक्टूबर को दोपहर 12:50 बजे से
दशमी तिथि की समाप्ति: 21 अक्टूबर को दोपहर 02:11 बजे तक
आयुध पूजा का शुभ मुहूर्त:
विजया मुहूर्त (विशेष पूजा का समय): दोपहर 01:59 से 02:45 के बीच।
अपराजिता देवी पूजा का शुभ मुहूर्त: दोपहर 01:14 से 03:30 के बीच।
रावण दहन मुहूर्त: शाम 05:47 बजे से रात्रि 8:21 तक।
शस्त्र पूजा: महत्व, अपराजिता पूजन एवं सम्पूर्ण विधि:
क्षत्रिय व सैन्यवादियों द्वारा शस्त्र पूजन तथा व्यापारियों व कारीगरों द्वारा अपनी आजीविका के साधनों (कल-कारखानों, औजारों व गाड़ियों) की पूजा दोपहर के विजया/अपराह्न काल मुहूर्त में करना श्रेष्ठ माना जाता है। मां अपराजिता की पूजा सभी क्षेत्रों में विजय प्राप्त करने और शत्रुओं के शमन के लिए की जाती है।
शस्त्र पूजा का महत्व: शस्त्र पूजन की परंपरा आदिकाल से चली आ रही है। प्राचीन काल में राजा-महाराजा विजयादशमी पर विशाल शस्त्र पूजन का आयोजन करते थे। इतिहास में क्षत्रिय राजा इसी शुभ अवसर पर सीमोल्लंघन किया करते थे। वर्तमान समय में भी क्षत्रिय समाज और भारतीय सेना द्वारा इस दिन विशेष रूप से शस्त्र पूजन किया जाता है।
रखरखाव और स्वच्छता: दशहरा पर्व पर हथियारों के पूजन से उनकी नियमित साफ-सफाई और सही देखरेख सुनिश्चित हो जाती है।
शक्ति का वास: यह पूजा शस्त्रों में निहित दिव्य शक्ति का सम्मान करने की परंपरा है। इसके माध्यम से देवी-देवताओं से प्रार्थना की जाती है कि समाज में आतंक का अंत हो और शस्त्रों का प्रयोग सदैव धर्म एवं न्याय की रक्षा के लिए हो।
विजय का वरदान: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन करने से शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने का शुभ वरदान मिलता है।
अपराजिता पूजा का विधान:
आश्विन शुक्ल दशमी के दिन शस्त्र पूजा से पूर्व अपराजिता देवी का पूजन किया जाता है।
अक्षत और कुमकुम से अष्टदल बनाकर उस पर मिट्टी की मूर्ति स्थापित की जाती है तथा निम्नलिखित मंत्रों से आह्वान किया जाता है:
ॐ अपराजितायै नम: (दक्षिण भाग में अपराजिता देवी का आह्वान)
ॐ क्रियाशक्तयै नम: (वाम भाग में जया देवी का आह्वान)
ॐ उमायै नम: (मध्य में विजया देवी का आह्वान)
शस्त्र पूजा की चरणबद्ध विधि:
1.स्नान एवं शुद्धिकरण:
सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। प्रातः काल स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। सभी अस्त्र-शस्त्रों को बच्चों की पहुँच से दूर सुरक्षित स्थान पर रखें।
2.चौकी सजाना:
पूजा स्थान पर एक लकड़ी की चौकी रखें और उस पर साफ लाल या पीला वस्त्र बिछाकर सभी शस्त्रों को व्यवस्थित तरीके से सजाएं।
3.गंगाजल से पवित्रीकरण:
शस्त्रों पर गंगाजल या स्वच्छ जल का छिड़काव करके उन्हें पवित्र करें।
4.मौली और तिलक:
सभी शस्त्रों पर रक्षासूत्र (मौली) बांधें और चंदन, कुमकुम का तिलक लगाएं।
5.पुष्प एवं धूप-दीप:
शस्त्रों पर ताजे फूल और माला अर्पित करें। तत्पश्चात चंदन, अक्षत, धूप और दीप प्रज्वलित करके विधि-विधान से पूजन करें।
6.मंत्र पाठ:
पूजन के दौरान माँ काली अथवा भगवान श्रीराम के विजय मंत्रों का जाप करें।
7.नैवेद्य एवं आरती:
शस्त्रों को मौसमी फल और नैवेद्य अर्पित करें। अंत में अपराजिता देवी की आरती करें और सभी में प्रसाद का वितरण करें।

