1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. दिल्ली

जहाँ दबे पाँव आते हैं नेता

चुनाव 2008
नई दिल्ली से रासविहारी
राजनेताओं का भविष्य बाँचने वालों की मानें तो ज्यादातर नेताओं के अपने-अपने देवताओं के अलावा भाग्यवाचक भी हैं। अपने भाग्यवाचक से संतुष्ट न होने पर अन्य ज्योतिषियों की शरण में जाने वाले भी बहुत-से हैं। दिल्ली में इस समय राजनेताओं का सबसे ज्यादा महरौली के पास शनिधाम में आना-जाना है। दिल्ली ही नहीं राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक आदि राज्यों के नेता चुनाव में टिकट लेने, टिकट के बाद जीतने और जीतने के बाद मंत्री बनने के लिए भाग्य जानने के लिए पहुँचते हैं। इनमें केंद्रीय मंत्रियों से लेकर राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेता भी शामिल हैं।

नेताओं के आने-जाने की बात को बहुत ही गुपचुप रखा जाता है। वैसे शनिधाम के पीठाधीश्वर मदन महाराज राजस्थानी का कहना है कि सभी लोग शनि की पूजा करने यहाँ आते हैं। शनि कर्म के अनुसार फल देते हैं।

प्रसिद्ध ज्योतिषविद केएन राव के यहाँ भी बड़े-बड़े नेताओं का आना-जाना है। पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर भी राव से सलाह लेते थे। एचडी देवेगौड़ा के प्रधानमंत्री बनने की उन्होंने भविष्यवाणी की थी। भारतीय विद्या भवन में ज्योतिष के आचार्य राव के शिष्यों में नौकरशाह भी बहुत हैं। राजनेताओं में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरलीमनोहर जोशी भी उनको बहुत मानते हैं। ज्योतिष की पढ़ाई को मान्यता के सवाल पर उन्होंने पूरा जिम्मा राव को सौंपा था। उनके यहाँ आने वाले नेताओं की लंबी सूची है। ज्योतिषी में जारी चर्चा के अनुसार सन्‌ 2004 में भाजपा नेताओं को समय से पहले चुनाव कराने की सलाह की राव ने ही दी थी। उनके अलावा लक्ष्मण दास मदान ने भी भाजपा के फिर से सत्ता में आने की भविष्यवाणी की थी।

दिल्ली में अजय भांबी, सुरेश कौशल,पं. भानुप्रतापनारायण मिश्र और डॉ. सुरेश चन्द्र शर्मा से भी कई राजनेता सलाह लेते रहते हैं। कुछ ऐसे ज्योतिषी भी हैं, जो चर्चा में आना पसंद नहीं करते हैं। राजनेताओं, अभिनेताओं और क्रिकेट खिलाड़ियों के बारे में भविष्यवाणी करने वाले ज्योतिषी समीर उपाध्याय राजनीति और राजनेताओं के भविष्यफल को धोखाधड़ी बताते हैं। उनका कहना है कि ज्योतिष धंधा ज्यादा हो गया है। ज्योतिषी अपने-अपने नजदीकी नेताओं के बारे में बड़ी-बड़ी भविष्यवाणी करते रहते हैं। राजनेताओं की अलग-अलग कुंडलियाँ अखबारों में छपती रहती हैं। कुछ तो ऐसे ज्योतिषी भी हैं, जो दिल्ली के अखबार में कुछ लिखते हैं और बिहार के अखबार में दूसरी बात लिखते हैं।