1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. गुरु-मंत्र

नया संकल्प और नई शुरुआत

एमएसन युवा
ND
आज है 31 दि‍सम्‍बर यानी साल का आखि‍री दि‍न। नया साल, नया दिन, नई ऊर्जा, नया उत्साह और नया संकल्प कहने-सुनने में अच्छा लगता है और अगर इसे महसूस किया जाए, अपना लिया जाए तो बात और भी बेहतर बन जाती है। हर साल कई लोग नववर्ष के आगमन के साथ ही कई संकल्प लेते हैं।

कोशिश करते हैं वर्ष भर उन संकल्पों को पूरा करने और बनाए रखने की। संकल्प लेने और उसे निभाने में कौन कितना सफल हुआ और अब उसके संकल्प क्या होंगे इसी बारे में हमने कुछ लोगों से बात की।

सीए सुनील खंडेलवाल बताते हैं कि वे हर वर्ष अपने कार्य को और बेहतर बनाने का संकल्प लेकर कार्य करते हैं। इस वर्ष भी वे विकास का संकल्प लेकर कार्य करने की बात कर रहे हैं। इसके साथ अपने परिवार को भी वक्त देने का संकल्प लेने वाले हैं। बीते वर्षों में जो संकल्प उन्होंने लिया था उस पर वे आज भी कायम हैं। उन्होंने 31 दिसंबर की रात होने वाली पार्टी में नहीं जाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प की वजह थी समय व धन के अपव्यय को रोकना।

डॉ. राजेश दीक्षित कहते हैं कि कुछ संकल्प मेरे पूरे हो चुके हैं और कुछ अभी भी अधूरे हैं जिन्हें पूरा करने का संकल्प मैं इस वर्ष पुनः लूँगा। पहले मैंने स्वयं व विद्यार्थियों के चहुँतरफा विकास का संकल्प लिया था जिसे काफी हद तक मैंने पूरा किया और जो कमी रह गई उसे अब पूरा करूँगा।

जो संकल्प मेरा पूरा हुआ वह है मेरी पुस्तक 'मुझे ईर्ष्या है समुद्र से' काव्य संग्रह का प्रकाशन। अब मैं अपनी और भी पुस्तक प्रकाशित करना चाहता हूँ।

ND
साबिर अली खान इस वर्ष दो संकल्प लेना चाहते हैं। पहला संकल्प परिवार के लिए और दूसरा संस्थान के लिए। साबिर कहते हैं कि बीते वर्ष उन्होंने संकल्प लिया था कि इस संस्थान में इवेन्ट मैनेजमेंट करें जिसे उन्होंने पूरा भी किया। इस बार वे और भी बेहतर तरीके से कार्य करने का संकल्प लेने जा रहे हैं।

साथ ही साथ यह भी संकल्प लेने वाले हैं कि माता-पिता को अधिक से अधिक खुशियाँ दें और भाई-बहन को उच्च शिक्षा दिला सकें।

लेप्रोस्कोपी सर्जन डॉ. जितेन्द्र बंसल कहते हैं कि मैं हर वर्ष कुछ न कुछ संकल्प जरूर लेता हूँ। मैं अपनी सेहत को बेहतर बनाने का संकल्प नए वर्ष में लेना चाहता हूँ। वे कहते हैं कि अभी तक मैं अपनी सेहत के प्रति अधिक गंभीर नहीं था लेकिन अब व्यायाम और खान-पान पर विशेष ध्यान दूँगा। यही सलाह मैं मरीजों को भी दूँगा। पहले मैंने एक अस्पताल बनाने का संकल्प लिया था जिसका कार्य प्रारंभ हो भी चुका है।

मुझे लाँग ड्राइव का शौक है और खास तौर पर तेज गाड़ी चलाना मुझे पसंद है। हर्ष कहते हैं कि अभी तक कोई खास संकल्प जीवन में नहीं लिया पर इस बार मैं एक संकल्प जरूर लूँगा। बढ़ती दुर्घटनाओं के कारण मैं नए वर्ष में यही संकल्प लूँगा कि गाड़ी धीरे चलाऊँ। फिलहाल लाँग ड्राइव का शौक तो नहीं छोड़ा जा सकता पर गाड़ी की गति पर तो काबू पाया ही जा सकता है।

विद्यार्थी अमरीतसिंह कहते हैं कि वैसे तो कुछ न कुछ संकल्प हर वर्ष लिए जाते हैं पर इस बार मैं जो संकल्प लेने जा रहा हूँ। वह मेरे लिए चुनौती भी है। मैं नए साल के साथ नशा नहीं करने का संकल्प लूँगा। मुझे लगता है कि इसके लिए कुछ दोस्तों का साथ भी छोड़ना पड़ेगा और दृढ़संकल्पित होना होगा। पर यदि यह संकल्प पूरा हो गया तो जीवन में खुशियाँ ही खुशियाँ होंगी।