1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तराखंड
  4. world disaster management conference 2026 cm dhami 1 crore announcement

उत्तराखंड में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का आगाज, 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ होंगे शामिल, CM धामी ने किया 1 करोड़ देने का ऐलान

pushkar singh dhami
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
 

50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि एक मंच पर

मुख्यमंत्री धामी ने सम्मेलन में शामिल अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है। इसमें वेस्टइंडीज से ऑस्ट्रेलिया तक, गुजरात से पूर्वोत्तर तक और कश्मीर से तमिलनाडु तक के प्रतिनिधियों की सहभागिता है।
 
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ करीब 50 देशों की भागीदारी यह साबित करती है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह आयोजन 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को भी साकार करता है।

सिलक्यारा सुरंग हादसे को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने 28 नवंबर के दिन को उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व का बताया। उन्होंने वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के रेस्क्यू ऑपरेशन को याद किया। उन्होंने कहा कि 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस मुश्किल समय में पूरा देश श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा था। सुरंग के बाहर श्रमिकों के परिजनों की चिंता, प्रदेशवासियों की उम्मीदें और बाबा बौखनाग जी के प्रति लोगों की आस्था ने इस कठिन अभियान के दौरान सभी को संबल दिया।
 
उन्होंने कहा कि 41 श्रमिकों का सुरक्षित बाहर निकलना केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता नहीं थी, बल्कि यह मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक जीत थी।

गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस की सराहना

मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू अभियान के दौरान श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में श्रमिकों ने जिस हिम्मत का परिचय दिया, वह हमेशा याद रखा जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी लगातार ले रहे थे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री प्रतिदिन उनसे संवाद कर रहे थे और हर स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग दे रहे थे। धामी ने प्रधानमंत्री के इस सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।
अगला लेख
jharkhand : झारखंड में भीषण सड़क हादसा, 4 बच्चों और 4 महिलाओं समेत 13 की मौत