1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Leopard attacked and killed 8 year old girl

UP: तेंदुए ने हमला कर खेत में मौजूद 8 वर्षीय बच्ची को मार डाला

Leopard attacks and kills 8-year-old girl
बहराइच (यूपी)। बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के सुजौली क्षेत्र में अपने पिता के साथ खेत में मौजूद 8 साल की बच्ची की तेंदुए के हमले में मौत हो गई। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि अभयारण्य के सुजौली थाना क्षेत्र में रहने वाले अयोध्यापुरवा गांव निवासी इसराइल की बेटी आयशा (8) अपने पिता के साथ खेत में गई थी। शुक्रवार दोपहर को अचानक जंगल से निकलकर आए एक तेंदुए ने खेत में आयशा पर हमला कर दिया।
 
उन्होंने बताया कि बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। लेकिन इस दौरान बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी वनकर्मियों व विशेष बाघ सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
 
शंकर ने बताया कि मृतक के परिवार को दस हजार रुपए की तात्कालिक सहायता मुहैया करा दी गई है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सरकार से शेष निर्धारित आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
China : स्कूल के शयनगृह में आग लगने से 13 बच्चों की झुलसकर मौत