1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Uttarakhand CM pushkar dhami on land law

भू कानून पर CM पुष्कर धामी का बड़ा ऐलान, जमीन का दुरुपयोग करने वालों पर कसेगा शिकंजा

Pushkar singh Dhami
Uttarakhand news in hindi : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप एक वृहद भू—कानून तैयार कर रही है, जिसे राज्य विधानसभा के अगले बजट सत्र में लाया जा सकता है।
 
धामी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए नगर निकाय क्षेत्रों से बाहर एक ही परिवार द्वारा अलग—अलग नामों से भूमि क्रय करने वालों तथा व्यवसायिक गतिविधियों के नाम पर जमीनें खरीदकर उसका उपयोग उस प्रयोजन के लिए न करने वालों को भी चेतावनी दी। ऐसे सभी प्रकरणों में सख्त कार्रवाई के साथ जमीनें राज्य सरकार में निहित की जाएगी।
 
धामी ने कहा कि हमारी सरकार भू कानून एवं मूल निवास के मुद्दे को लेकर संवदेनशील है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हमारी एक समिति पहले से राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप एक वृहद भू कानून का प्रारूप तैयार कर रही है। हमारा प्रयास इसे अगले बजट सत्र में लाने का है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भूमि खरीद के संबंध में एक कानून पहले से ही अस्तित्व में है, जिसके तहत नगर निकाय क्षेत्र से बाहर कोई भी व्यक्ति ढाई सौ वर्ग मीटर भूमि बिना अनुमति के खरीद सकता है।
 
उन्होंने कहा कि ऐसा संज्ञान में आया है कि एक ही परिवार में अलग-अलग नामों से भूखंड क्रय करके उक्त प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम इसकी जांच करायेंगे और जिन व्यक्तियों ने ऐसा किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही उनकी भूमि राज्य सरकार में निहित की जाएगी।
 
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने पर्यटन, उद्योग, शिक्षा आदि व्यवसायिक गतिविधियों के लिए अनुमति लेकर भूमि क्रय की है, लेकिन उसका इस्तेमाल संबंधित कार्य के लिये नहीं किया।
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
बदबू से बचने के लिए टंकी में डाला 5 साल की बच्‍ची का शव, रेप के बाद मां- बहन ने भी ऐसे दिया आरोपी का साथ