Urmila Matondkar | कांग्रेस से चुनाव हारीं, अब शिवसेना में शामिल हुईं उर्मिला मातोंडकर
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर मंगलवार को शिवसेना में शामिल हो गईं। उर्मिला ने वर्ष 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। उर्मिला (46 वर्ष) ने 5 महीने तक कांग्रेस में रहने के बाद सितंबर 2019 में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित उनके निवास मातोश्री में शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। शिवसेना सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के कोटे से विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए पार्टी ने उनका नाम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को भेजा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल उत्तर मुंबई लोकसभा सीट से मातोंडकर को भाजपा के गोपाल शेट्टी से हार मिली थी। उर्मिला हाल में अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से करने पर उनकी निंदा करने की वजह से चर्चा में आई थीं। (भाषा)
