2027 में साल में दो बार होगी राज्य सेवा परीक्षा, MPPSC ने जारी किया कैलेंडर
मुख्यमंत्री ने MPSC के जारी परीक्षा कैलेंडर को बताया संकल्प की पूर्ति, कहा- युवाओं को तैयारी के लिए मिलेगा बेहतर अवसर
भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC)की तैयारी कर रहे युवाओं को अब वर्ष में दो बार मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2027 में राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने की घोषणा के बाद अब MPSCने वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ने युवा वर्ष 2027 में MPPSC की राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित करने का संकल्प लिया था। अब परीक्षा कैलेंडर जारी कर इस संकल्प को धरातल पर उतार दिया गया है।
युवाओं को तैयारी की बेहतर योजना बनाने में मिलेगी मदद- मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष में दो बार परीक्षा आयोजित होने से प्रदेश के युवाओं को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने का अवसर मिलेगा। इससे अभ्यर्थी अपने लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारी कर सकेंगे और लोक सेवा में जाने के अपने सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी हो। MPPSC परीक्षा का वार्षिक कैलेंडर जारी करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार के इस फैसले से राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं की योजना बनाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

