मणिपुर में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या, जातीय हिंसा में अब तक 180 से ज्यादा की मौत
Manipur News : मणिपुर के चूराचंद्रपुर जिले में चिंगफी बंकर नंबर एक में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक की बुधवार दोपहर को गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में गोली लगने से दो और व्यक्ति घायल भी हुए हैं जिनके बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने में अब तक 180 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि दिन में एक और डेढ़ बजे के बीच एक स्नाइपर ने ओंखोमांग नामक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में गोली लगने से दो और व्यक्ति घायल भी हुए हैं जिनके बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। इससे एक दिन पहले मंगलवार सुबह कांगपोकपी जिले में अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर तीन आदिवासियों की हत्या कर दी थी।
उससे पहले आठ सितंबर को टेंगनौपाल जिले के पल्लेल में गोलीबारी में तीन व्यक्तियों की जान चली गई थी तथा 50 से अधिक घायल हो गए थे। मणिपुर में तीन मई को जातीय हिंसा भड़कने के बाद से अब तक 180 से अधिक लोगों की मौत हो गई है तथा सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं। अनुसूचित जनजाति दर्जे की मैइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को ट्राइबल सोलिडरिटी मार्च निकाले जाने के बाद हिंसा फैली थी।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
