1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Police officer suspended, BJP flag

भाजपा के ध्वज दंड को नुकसान पहुंचाने पर पुलिस अधिकारी निलंबित

Police officer suspended
तिरुवनंतपुरम। केरल सरकार ने निकटवर्ती ओरुट्टाम्बलम में भाजपा के एक ध्वज दंड को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक को निलंबित किया है। इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की राज्य इकाई ने अधिकारी की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की है।
 
यह घटना तब प्रकाश में आई, जब इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई और इसका वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बुधवार को पुलिस की एक गाड़ी वहां आती है और उसमें से एक पुलिस वाला उतरता है। वह ध्वज दंड के पास जाता है और उसे नीचे गिरा देता है। इस पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई सुरेश कुमार के तौर पर हुई।
 
आईजी मनोज अब्राहम ने कहा कि अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है और घटना की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। भाजपा ने अधिकारी की सेवा से बर्खास्तगी और उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की थी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुम्मानोम राजाशेखरन ने शुक्रवार को कहा कि महज निलंबन काफी नहीं है।
 
उन्होंने राज्य में माकपा और भाजपा/संघ कार्यकर्ताओं के बीच अक्सर होने वाली झड़पों के संदर्भ में कहा कि पुलिस अधिकारी जिसने इलाके में राजनीतिक संघर्ष भड़काने की कोशिश की, उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। राजाशेखरन ने कहा कि यह स्पष्ट घटना है, जो यह दिखाती है कि मुख्यमंत्री पिन्नाराई विजयन के तहत पुलिस बल राज्य में कहां तक पहुंच गया है? (भाषा)
अगला लेख
मिस्र में सेना की कार्रवाई में 12 आतंकवादी ढेर