1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. House destroyed by explosion in Bhagalpur

भागलपुर में विस्फोट से मकान ध्वस्त, 6 लोगों की मौत

Bhagalpur
भागलपुर। बिहार में भागलपुर शहर के तातारपुर क्षेत्र में गुरुवार की देर रात जोरदार विस्फोट के कारण एक मकान के ध्वस्त होने से 6 लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। भागलपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुजीत कुमार ने शुक्रवार को यहां बताया कि काजवलीचक मुहल्ले में गुरुवार की देर रात को 3 मंजिला एक मकान में जोरदार विस्फोट होने से मकान धराशायी हो गया और उसके मलबे में दबकर कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई तथा 12 अन्य घायल हो गए हैं।
 
उन्होंने बताया कि सभी घायलों को भागलपुर के सदर अस्पताल और जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कुमार ने बताया कि जोरदार विस्फोट के कारण धराशायी हुए मकान का मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है और मलबे के हटने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। इस हादसे में धराशायी मकान के करीब के 2 अन्य मकानों को भी क्षति पहुंची है।
 
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने बताया कि इस घटना की आरंभिक जांच में उक्त मकान में अवैध पटाखे और देशी बम के निर्माण की बातें सामने आई हैं। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एसएफएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मौके पर जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी पहुंचे हुए हैं और बचाव एवं राहत का कार्य जारी है।
अगला लेख
क्यों रूसी सेना ने बनाया जपोरिजिया परमाणु संयंत्र को निशाना? क्या होगा यूक्रेन पर असर?