1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 3 elephants died after being hit by a lorry

आंध्रप्रदेश में तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आने से 3 हाथियों की मौत

Palamaner
पलमानेर (आंध्रप्रदेश)। आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले में 4 हाथियों का झुंड एक तेज रफ्तार लॉरी की चपेट में आ गया जिससे 3 हाथियों की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा बुधवार रात चित्तूर जिले में बेंगलुरु-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-4) पर पालमनेर के पास जगमरला चौराहे पर हुआ।
 
चित्तूर के मंडल वन अधिकारी (डीएफओ) चैतन्य कुमार रेड्डी ने कहा कि राजमार्ग पार कर रहा हाथी का झुंड एक लॉरी की चपेट में आ गया। लॉरी चालक के नशे में होने का संदेह है और वह बेहद तेज गति से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
 
रेड्डी ने बताया कि 2 नर हाथी और हाथी के 1 बच्चे (मादा) की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा कर हाथियों के शव को राजमार्ग से हटवाया। उन्होंने बताया कि मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करते हुए लॉरी को जब्त कर लिया गया और वाहन चालक की तलाश जारी है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
Cyclone Biporjoy Live Updates : शाम 6 बजे बाद जखौ पोर्ट से टकरा सकता है बिपरजॉय