1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update 5 january
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 5 जनवरी 2026 (12:41 IST)

Weather Update : पहाड़ों से मैदान तक ठंड का कहर, 11 राज्यों का अलर्ट

cold wave
Weather Update : बर्फबारी, कोहरे और शीतलहर के चलते पहाड़ों से मैदान तक ठंड का कहर दिखाई दे रहा है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर पारा माइनस पहुंच गया। उत्तर भारत घने कोहरे में लिपटा दिखाई दे रहा है। घने कोहरे की वजह से दृश्यता घट गई और सड़क, रेल  और हवाई यातायात पर बुरा असर हुआ। मौसम विभाग ने 11 राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
 
एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इस वजह से उत्तर पश्चिम भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही है। उत्तर हवाओं की वजह से लोगों को दिन में भी ठंड का अहसास हो रहा है। 
 
आईएमडी ने 5 और 6 जनवरी को कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या हिमपात का अनुमान जताया है। 6 जनवरी को उत्तराखंड में बारिश या हिमपात की संभावना है। मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
 
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान और असम शीतलहर की चपेट में दिखाई दे रहे हैं। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार में कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने रैन बसेरों में भी शरण ली है।
 
5 से 8 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में, 5 से 9 जनवरी पश्चिमी राजस्थान में, 5 से 10 जनवरी पूर्वी राजस्थान में और 6–7 जनवरी को झारखंड में शीतलहर की संभावना है।
 
मध्य प्रदेश में शीतलहर का कहर : मध्य प्रदेश भी शीतलहर की चपेट में है। शीतलहर और कड़ाके की सर्दी के इस कहर को देखते हुए भोपाल और इंदौर में प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। भोपाल में स्कूलों का समय बदल दिया गया है जबकि इंदौर में अगले 3 दिन 8वीं तक स्कूल बंद रहेंगे।
edited by : Nrapendra Gupta
ये भी पढ़ें
इंदौर में दूषित पानी की वजह से हुई मौतों पर पूछा सवाल, ऐसा था मंत्री प्रतिमा बागरी का रिएक्शन