1. समाचार
  2. ऑटो मोबाइल
  3. समाचार
  4. puc certificate new rules 2026 validity period bs6 bs4 vehicles india

PUC Certificate New Rules 2026 : बार-बार नहीं बनवाना होगा पीयूसी सर्टिफिकेट, जान लें नया नियम

PUC Certificate New Rules 2026
केंद्र सरकार ने वाहन चालकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC Certificate) से जुड़ा बड़ा बदलाव किया गया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में संशोधन किया है। नए नियमों के तहत अब वाहन की उम्र और उसके निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल के आधार पर तय होगा कि प्रदूषण प्रमाण-पत्र कितने समय तक वैध रहेगा।
 
13 नवंबर 2026 को अधिसूचित नए नियमों के अनुसार, BS-VI मानक वाले नए वाहनों को पहले के मुकाबले अधिक अवधि के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट मिलेगा। पुराने वाहनों को कम अंतराल पर प्रदूषण जांच करानी होगी। इसके अलावा BS-I, BS-II, BS-III और BS-IV श्रेणी के वाहनों के लिए भी पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव किया गया है।
ये बदलाव केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के तहत किए गए हैं। इसके लिए केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 115(7) में संशोधन किया गया है। यह संशोधन आधिकारिक राजपत्र (Official Gazette) में प्रकाशित होने की तारीख से लागू हुआ है।
 

गाड़ी की उम्र के हिसाब से तय होगी PUC की वैधता

पहले पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता मुख्य रूप से वाहन के भारत स्टेज (BS) उत्सर्जन मानक पर निर्भर करती थी। इस कारण से BS-VI श्रेणी की नई निजी कार और पुराना व्यावसायिक वाहन, दोनों को एक साल की वैधता वाला पीयूसी सर्टिफिकेट मिल सकता था। लेकिन नए नियमों में यह व्यवस्था बदल दी गई है। अब BS-VI वाहनों के लिए सर्टिफिकेट की वैधता दो बातों पर निर्भर करेगी
वाहन की उम्र कितनी है।
वाहन निजी इस्तेमाल के लिए है या व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए।
वाहन की उम्र की गणना उसके पहली बार रजिस्ट्रेशन की तारीख से की जाएगी।
BS-VI निजी वाहनों के लिए PUC के नए नियम
पहले BS-VI श्रेणी के सभी निजी वाहनों को उम्र की परवाह किए बिना 12 महीने की वैधता वाला पीयूसी सर्टिफिकेट मिलता था। अब वाहन की उम्र के आधार पर तीन श्रेणियां बनाई गई हैं।
 

वाहन की उम्र

नई PUC वैधता
पहले वैधता
6 साल तक
3 साल
1 साल
6 साल से अधिक और 10 साल तक
1 साल
1 साल
10 साल से अधिक
6 महीने
1 साल
 
इसका मतलब है कि छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहन मालिकों को अब हर साल प्रदूषण जांच कराने की जरूरत नहीं होगी। उन्हें तीन साल की वैधता वाला प्रमाणपत्र मिल सकेगा। 10 साल से अधिक पुराने BS-VI निजी वाहनों को अब हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।
 

BS-VI कमर्शियल वाहनों के लिए क्या बदला?

 
व्यावसायिक वाहनों यानी कमर्शियल गाड़ियों के लिए भी उम्र के आधार पर पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता तय की गई है। हालांकि, नए वाहनों को निजी गाड़ियों की तुलना में कम अवधि की छूट मिलेगी। पहले सभी BS-VI कमर्शियल वाहनों को एक साल की वैधता वाला पीयूसी सर्टिफिकेट मिलता था। नए नियमों के तहत व्यवस्था इस प्रकार होगी:
 
वाहन की उम्र
नई PUC वैधता
पहले वैधता
6 साल तक
2 साल
1 साल
 

6 साल से अधिक और 10 साल तक

1 साल
1 साल
10 साल से अधिक
6 महीने
1 साल
 
नए नियमों के मुताबिक, छह साल तक पुराने BS-VI कमर्शियल वाहनों को दो साल की वैधता वाला सर्टिफिकेट मिलेगा। छह से 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए एक साल की वैधता रहेगी। वहीं, 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।
 

BS-I, BS-II और BS-III वाहनों को हर 3 महीने में कराना होगा प्रदूषण टेस्ट

 
पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के लिए भी नियमों में बदलाव किया गया है। पहले केंद्रीय नियमों के तहत BS-I, BS-II और BS-III वाहनों के पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता सामान्य तौर पर छह महीने थी। हालांकि, कुछ राज्यों में इससे कम अवधि निर्धारित थी। उदाहरण के लिए, दिल्ली में इन वाहनों को पहले से ही हर तीन महीने में प्रदूषण जांच करानी पड़ती थी।
 
अब नए नियमों के तहत देशभर में BS-I, BS-II और BS-III श्रेणी के सभी वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता तीन महीने कर दी गई है। यह नियम वाहन की उम्र और निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल की परवाह किए बिना लागू होगा। इस तरह अब सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इन वाहनों के लिए तीन महीने में प्रदूषण जांच कराने की एक समान व्यवस्था होगी।
 

BS-IV वाहनों के लिए भी बदली वैधता अवधि

BS-IV श्रेणी के वाहनों के लिए भी पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता कम कर दी गई है।
 
पहले केंद्रीय नियमों के तहत इन वाहनों को 12 महीने की वैधता वाला पीयूसी सर्टिफिकेट मिलता था। हालांकि, कुछ राज्यों और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कुछ इलाकों में पहले से ही छह महीने की वैधता लागू थी। अब नए नियमों के तहत देशभर में BS-IV वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता छह महीने निर्धारित कर दी गई है। यह नियम निजी और व्यावसायिक दोनों तरह के वाहनों पर लागू होगा।
 

PUC सर्टिफिकेट एक्सपायर होने से पहले रिन्यू कराने पर क्या होगा?

 
नए नियमों में पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की तारीख को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की गई है। इससे वाहन मालिकों को पहले से बची हुई वैधता अवधि का नुकसान नहीं होगा।
 

1. एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यू कराने पर

 
अगर वाहन मालिक मौजूदा पीयूसी सर्टिफिकेट की समाप्ति से पहले के 10 दिनों के भीतर प्रदूषण जांच कराता है, तो नए सर्टिफिकेट की वैधता पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति तारीख से शुरू होगी। इससे पहले रिन्यू कराने पर बची हुई वैधता खत्म नहीं होगी।
 

2. एक्सपायरी के दिन या उसके बाद रिन्यू कराने पर

 
अगर वाहन मालिक मौजूदा सर्टिफिकेट की समाप्ति तारीख पर या उसके बाद प्रदूषण जांच कराता है, तो नए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता जांच कराने की तारीख से शुरू होगी।
 

पुराने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?

नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए पीयूसी सर्टिफिकेट अपनी मौजूदा एक्सपायरी तारीख तक वैध रहेंगे। वाहन मालिकों को नए नियम लागू होते ही तुरंत नया सर्टिफिकेट बनवाने की जरूरत नहीं है। नई वैधता व्यवस्था तब लागू होगी, जब वाहन मालिक अपने मौजूदा पीयूसी सर्टिफिकेट को नए नियमों के तहत पहली बार रिन्यू कराएंगे।
अगला लेख
'सपाइयों की उद्दंडता ने ली मासूम की जान', अखिलेश यादव पर बरसे ओम प्रकाश राजभर, मंदिर जाने को लेकर भी साधा निशाना