1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. cyclone-akvan-landfall-update-odisha-evacuation-andhra-alert

ओडिशा तट पर चक्रवात अकवान का लैंडफॉल, 3 लाख लोग शिफ्ट और 69 ट्रेनें रद्द

cyclone akvan update 20 November
Cyclone Akvan Update : बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के बेहद करीब पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान का लैंडफॉल शुरू हो गया है। यह प्रक्रिया अगले 3 घंटों तक चलेगी।
 
पिछले 6 घंटों के दौरान यह सिस्टम 21 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। फिलहाल यह आंध्र प्रदेश के कलिंगापट्टनम से 80 किमी पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 130 किमी दक्षिण में स्थित है।

बदला रास्ता, बढ़ा अलर्ट

पहले इस तूफान के आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन पिछले 24 घंटों में इसने अपना रुख बदल लिया। तट पार करने के बाद यह धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा। इस चक्रवात का नाम ईरान ने ‘अकवान’ रखा है।
 

ओडिशा में बड़े पैमाने पर निकासी और बचाव की तैयारी

खतरे को देखते हुए ओडिशा प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारियां की हैं। विशेष राहत आयुक्त राजेश पी. पाटिल के मुताबिक, गुरुवार शाम तक 2,98,676 लोगों को सुरक्षित निकालकर 2,523 राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है। राज्यभर में 423 बचाव टीमें तैनात हैं—जिनमें ODRAF की 60, NDRF की 14 और अग्निशमन विभाग की 131 टीमें शामिल हैं। भारतीय तटरक्षक बल को भी हेलीकॉप्टर और जहाजों के साथ अलर्ट पर रखा गया है।
 
राहत केंद्रों में भोजन, सूखा राशन, पेयजल, दवाएं और सैनिटरी नैपकिन जैसी बुनियादी सुविधाएं जुटाई गई हैं। प्रदेश में कुल 9,341 चक्रवात राहत केंद्र तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की जनहानि न हो और ‘जीरो कैजुअल्टी’ का लक्ष्य पूरा किया जाए।
 

रेल और पर्यटन पर असर

तूफान के असर को देखते हुए पूर्व तटीय रेलवे ने 41 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया है, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं—इस तरह कुल 69 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। पुरी, गोपालपुर, सतपाड़ा और चिलिका जैसे तटीय पर्यटन स्थलों पर सैलानियों के जाने पर रोक लगा दी गई है और मछुआरों को समुद्र में न उतरने की चेतावनी दी गई है।
 

आंध्र प्रदेश में भी चेतावनी

पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम और विजयनगरम जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पार्वतीपुरम मान्यम, अल्लूरी सीताराम राजू और अनकापल्ली में ऑरेंज अलर्ट तथा काकीनाडा में येलो अलर्ट प्रभावी है। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने उत्तर तटीय जिलों के निवासियों को सतर्क रहने और किसानों को खेती से जुड़े कार्यों में एहतियात बरतने की सलाह दी है।
अगला लेख
ओडिशा तट की ओर बढ़ा चक्रवात अकवान, उत्तर भारत में कोहरे का अलर्ट; पढ़ें आज की प्रमुख खबरें