• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 22 सालों का रिकॉर्ड, 12 डिग्री पहुंचा तापमान
Written By
Last Updated : बुधवार, 18 दिसंबर 2019 (11:05 IST)

Weather prediction : दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 22 सालों का रिकॉर्ड, 12 डिग्री पहुंचा तापमान

Weather prediction | दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा 22 सालों का रिकॉर्ड, 12 डिग्री पहुंचा तापमान
नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिली और पारा नीचे गिरने से मंगलवार को ठंड और बढ़ गई। दिल्ली में 22 वर्षों में दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से आने वाली तेज और ठंडी हवाओं के साथ-साथ बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है।

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को कंपकंपी जारी रही क्योंकि अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 10 डिग्री नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान 14 और 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में हालिया बर्फबारी के बाद रात के तापमान में गिरावट जारी रही।

हिमपात के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को भूस्खलनों के चलते कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। दोनों ही क्षेत्रों में पहाड़ों से बर्फीली हवाएं चल रही हैं लेकिन सुबह सूरज निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। जम्मू में तापमान में कुछ सुधार हुआ है और यह 7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया लेकिन यहां बर्फीली हवाओं और बादल घिरे रहने के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं।

जम्मू क्षेत्र के रियासी जिले में माता वैष्णीदेवी मंदिर की तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा में तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर को सभी मौसमों में देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली एक मात्र राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगरू-रामसू और रामबन जिले के माउमपस्सी में रात में भूस्खलन की घटनाएं हुईं जिसके बाद अधिकारियों ने दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में यातायात रोक दिया। सुरक्षाबलों के काफिले को मंगलवार दोपहर में मलबा हटाने के बाद आगे बढ़ने की अनुमति दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में, मौसम शुष्क और ठंडा रहा। मनाली, कुफरी, केलोंग और कल्पा में तापमान शून्य डिग्री से नीचे रहा। शिमला मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि राज्य में सबसे ठंडा स्थान लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग रहा। मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर के बीच राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है।

उत्तराखंड में मंगलवार को आसमान साफ रहा लेकिन कड़कड़ाती ठंड बरकरार रही। 12-13 दिसंबर को पहाड़ी राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई, जिससे कई राजमार्ग और सड़कें बंद हो गईं। पंजाब और हरियाणा में दिन का तापमान मंगलवार को सामान्य से कुछ डिग्री नीचे चला गया, जिससे दोनों राज्यों में ठंड बढ़ गई। राजस्थान में शीतलहर तेज हो गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। पठानकोट में अधिकतम तापमान सबसे कम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के कई हिस्सों में घना कोहरा देखा गया। साथ ही, अमृतसर, फलोदी और अजमेर पर दृश्यता 0 मीटर तक गिर गई, जबकि मुरादाबाद में 100 मीटर से अधिक नीचे दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित उत्तर पूर्वी राज्यों में घने कोहरे का मध्यम स्तर देखा गया। तमिलनाडु, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश देखी गई।

अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज़ बनी रहेंगी जिससे न्यूनतम तापमान में कमी आएगी जबकि दिन में पारा बढ़ेगा जिससे तेज़ सर्दी में कमी आएगी। उत्तर पश्चिमी भारत और उत्तर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरे जारी रहेगा। इसी तरह पूर्वी भारत, मध्य भारत और इससे सटे दक्षिण भारत में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिणी आंध्र प्रदेश, केरल और पूर्वी असम तथा उससे सटे नागालैंड में हल्की बारिश की संभावना है।
ये भी पढ़ें
सीलमपुर में नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन, जामिया के समीप प्रदर्शन जारी