1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. neet-2026-paper-leak-nta-controversy-student-struggle

NEET 2026: बच्चों के सपनों के ‘सौदागरों’ को कभी सजा मिलेगी या...

NEET Paper Leak
NEET Paper Leak: भारत में डॉक्टर बनना केवल एक करियर विकल्प नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों का सामाजिक स्वप्न है। गांव का किसान अपनी जमीन गिरवी रखता है, मध्यमवर्गीय पिता अपनी रिटायरमेंट बचत कोचिंग फीस में झोंक देता है, मां अपने गहने बेच देती है— सिर्फ इसलिए कि उनका बच्चा “डॉक्टर” कहलाए। लेकिन इसी सपने के ऊपर आज एक ऐसा तंत्र बैठ गया है, जो शिक्षा नहीं, बल्कि उम्मीदों का कारोबार करता है। और इस कारोबार का सबसे बड़ा चेहरा बन चुकी है — NTA

NEET 2026 परीक्षा रद्द हो चुकी है। कारण — पेपर लीक के गंभीर आरोप। देशभर के लाखों छात्रों को अब फिर से परीक्षा देनी होगी।
  • फिर वही तनाव।
  • फिर वही कोचिंग नोट्स।
  • फिर वही रातों की नींद।
  • फिर वही मानसिक यातना।
NTA कह रही है कि फीस वापस होगी, दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा, नए एडमिट कार्ड जारी होंगे। लेकिन क्या कोई एजेंसी यह भी बताएगी कि बच्चों के टूटे आत्मविश्वास की भरपाई कौन करेगा? क्या कोई संस्था उन माता-पिता की चिंता का मूल्य चुकाएगी जिन्होंने अपने बच्चों को यह कहकर सांत्वना दी थी कि “इस बार सब ठीक होगा”? ALSO READ: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, 22 लाख छात्रों को लगा बड़ा झटका

यह केवल पेपर लीक नहीं, व्यवस्था का नैतिक पतन है

राजस्थान के सीकर से जो कहानी सामने आई, वह किसी अपराध थ्रिलर से कम नहीं। हाथ से लिखे गए “गेस पेपर” छात्रों तक पहुंचे। 720 में से 600 नंबर के सवाल कथित रूप से पहले ही उपलब्ध थे। 300 से अधिक प्रश्नों वाला “क्वेश्चन बैंक” वायरल हुआ, जिनमें से करीब 150 सवाल हूबहू परीक्षा में आए। अब सवाल यह नहीं कि पेपर लीक हुआ या नहीं। सवाल यह है कि देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार इतनी “संयोगवश समानता” क्यों दिखाई देती है?

क्या यह केवल लापरवाही है? या फिर शिक्षा व्यवस्था के भीतर एक ऐसा समानांतर बाजार विकसित हो चुका है, जहां ‘सपनों की कीमत’ तय होती है?

बच्चों के सपनों के असली सौदागर कौन हैं?

वे केवल दलाल नहीं जो लाखों रुपए लेकर प्रश्न बेचते हैं। वे केवल कोचिंग माफिया नहीं जो “100% सिलेक्शन” के विज्ञापन लगाते हैं। असल सौदागर वे संस्थान भी हैं जो हर वर्ष विफलताओं के बावजूद जवाबदेही से बच निकलते हैं। जब तक शीर्ष पदों पर बैठे लोगों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी तब तक इस तरह के मामलों पर कभी रोक नहीं लगेगी। इस मामले के बाद क्या केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देना चाहिए?

NTA पिछले सात वर्षों में शायद ही कोई ऐसा वर्ष रहा हो, जब किसी न किसी विवाद में न घिरी हो—
कभी गलत आंसर-की, कभी तकनीकी गड़बड़ी, कभी डमी कैंडिडेट, कभी कैटेगरी टॉपर को फेल, कभी 6 नंबर देकर छात्रा को आत्महत्या तक पहुंचा देना, कभी एक ही सेंटर से असामान्य संख्या में टॉपर्स।
NEET Paper Leak

लेकिन हर बार कहानी एक जैसी रहती है—
  1. “जांच होगी”,
  2. “सिस्टम मजबूत किया जाएगा”,
  3. “भविष्य में ऐसा नहीं होगा।”
और फिर अगले साल वही दोहराव। 

यह केवल परीक्षा नहीं, भारत का सामाजिक मनोविज्ञान है

भारत में NEET और JEE अब परीक्षाएं नहीं रहीं; वे सामाजिक प्रतिष्ठा की युद्धभूमि बन चुकी हैं। कोटा, सीकर, प्रयागराज, हैदराबाद, पटना, इंदौर — पूरा एक “एग्जाम इकॉनमी” खड़ी हो चुकी है। हजारों करोड़ रुपए का कोचिंग उद्योग बच्चों की असुरक्षा पर फल-फूल रहा है। 16-17 साल के बच्चे मशीनों की तरह पढ़ते हैं। उनके बचपन को “ड्रॉप ईयर” और “रैंक” में मापा जाता है। दोस्तियां खत्म हो जाती हैं, मानसिक स्वास्थ्य टूट जाता है और परिवारों में प्रेम की जगह प्रदर्शन का दबाव ले लेता है। फिर जब परीक्षा ही संदिग्ध हो जाए, तो बच्चे किस पर भरोसा करें?

सबसे खतरनाक चीज : अन्याय का सामान्यीकरण

आज सबसे भयावह बात यह नहीं कि पेपर लीक हुआ। सबसे भयावह यह है कि समाज अब इन खबरों पर चौंकना बंद कर चुका है। पेपर लीक अब “ब्रेकिंग न्यूज” नहीं, एक वार्षिक परंपरा जैसा लगता है। जैसे हम मान चुके हों कि भारत में बड़ी परीक्षाएं ईमानदारी से हो ही नहीं सकतीं।
यह सामान्यीकरण किसी भी लोकतंत्र के लिए घातक है। क्योंकि जब मेहनत पर भरोसा खत्म होता है, तब प्रतिभा नहीं, जुगाड़ जीतता है। और जिस देश में जुगाड़ प्रतिभा पर भारी पड़ने लगे, वहां संस्थाएं धीरे-धीरे खोखली हो जाती हैं। 

NTA : एजेंसी या जवाबदेही से मुक्त तंत्र?

सबसे बड़ा प्रश्न यही है। अगर हर साल विवाद होंगे, जांच होगी, पेपर रद्द होंगे, छात्रों का भविष्य दांव पर लगेगा— तो फिर जवाबदेह कौन है? क्या कभी किसी शीर्ष अधिकारी ने नैतिक जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा दिया? क्या किसी प्रशासनिक विफलता पर संस्थागत दंड तय हुआ? क्या संसद में इस पर गंभीर राष्ट्रीय बहस हुई?

भारत में विफलता का सबसे सुरक्षित स्थान शायद सरकारी संस्थान ही हैं— जहां गलती होती है, नुकसान जनता झेलती है और सिस्टम अगले दिन फिर सामान्य हो जाता है। डॉक्टर बनने से पहले ही बच्चे “सिस्टम” सीख जाते हैं, यह त्रासदी केवल परीक्षा की नहीं, नैतिक शिक्षा की भी है। जब एक छात्र देखता है कि लाखों की रिश्वत देकर कोई प्रश्न खरीद सकता है, जब वह सुनता है कि किसी ने डमी कैंडिडेट बैठाया, जब वह महसूस करता है कि मेहनत से ज्यादा “नेटवर्क” महत्वपूर्ण है— तब उसके भीतर व्यवस्था के प्रति सम्मान खत्म होने लगता है। और यही किसी राष्ट्र की सबसे बड़ी हार होती है।

समाधान क्या है?

  • समस्या केवल NTA बदलने से हल नहीं होगी।
  • जरूरत है पूरे परीक्षा मॉडल की पुनर्समीक्षा की।
  • क्या एक ही परीक्षा पर करोड़ों बच्चों का भविष्य टिका होना चाहिए?
  • क्या स्कूल शिक्षा को इतना कमजोर कर दिया गया है कि कोचिंग संस्थान समानांतर शिक्षा मंत्रालय बन जाएं?
  • क्या परीक्षा सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा जितनी गंभीरता नहीं मिलनी चाहिए?
  • क्या डिजिटल मॉनिटरिंग, विकेंद्रीकृत मूल्यांकन और बहु-स्तरीय टेस्ट मॉडल पर गंभीर काम नहीं होना चाहिए?
जब तक शिक्षा को “रैंक उत्पादन उद्योग” की तरह चलाया जाएगा, तब तक पेपर लीक केवल लक्षण रहेगा, बीमारी नहीं।
NEET Paper Leak
हर साल बच्चे बदलते हैं, लेकिन कहानी वही रहती है। कहीं कोई छात्र अवसाद में चला जाता है, कहीं कोई परिवार कर्ज में डूब जाता है, कहीं कोई प्रतिभाशाली बच्चा सिस्टम से विश्वास खो देता है। और दूसरी तरफ, कुछ लोग करोड़ों का खेल खेलते रहते हैं— बच्चों के सपनों की दलाली करके।

भारत में शिक्षा अब केवल ज्ञान का माध्यम नहीं रही; यह एक ऐसा बाजार बनती जा रही है, जहां उम्मीदें खरीदी और बेची जाती हैं।

सवाल सिर्फ इतना है— क्या हम आने वाली पीढ़ी को डॉक्टर, इंजीनियर और वैज्ञानिक बना रहे हैं, या उन्हें यह सिखा रहे हैं कि इस देश में ईमानदारी सबसे ‘कमजोर’ विकल्प है?
लेखक के बारे में
संदीप सिंह सिसोदिया
वन-लाइनर बायो: IIM इंदौर से प्रशिक्षित और 20+ वर्षों का अनुभव रखने वाले डिजिटल मीडिया लीडर व वरिष्ठ संपादक, जिन्होंने BBC,  DW, Yahoo और MSN जैसे वैश्विक संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे जियो-पॉलिटिक्स, पर्यावरण और समसामयिक  मुद्दों पर अपने प्रखर लेखन और गहन विश्लेषण के लिए विशेष रूप से.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
क्या भारत में 'एंटी-रैगिंग सिस्टम' कमजोर पड़ रहा है?