1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Giriraj Singh's statement about Bird Flu

Bird Flu को लेकर गिरिराज सिंह बोले- अफवाह न फैलाएं, मुर्गा मंडी बंद करना गलत...

Bird Flu
नई दिल्‍ली। केंद्र ने सोमवार को राज्यों से मुर्गा मंडियों को बंद नहीं करने अथवा कुक्कुट उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित नहीं करने को कहा, क्योंकि मानव में बर्ड फ्लू संचरण की कोई वैज्ञानिक रिपोर्ट सामने नहीं आई है। हालांकि देश के 10 राज्यों में बर्ड फ्लू के प्रकोप की पुष्टि हो चुकी है।

पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मानव में बर्ड फ्लू संचरण की कोई वैज्ञानिक रिपोर्ट नहीं है और ऐसे में उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दिल्ली समेत सभी राज्य सरकारों से मुर्गा मंडियों को बंद नहीं करने अथवा कुक्कुट उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित नहीं करने को भी कहा है।

दिल्ली सरकार ने एहतियात के तौर पर शहर के बाहर से लाए गए प्रसंस्कृत और पैक किए गए चिकन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है, जिसके मद्देनजर सिंह की टिप्पणी सामने आई है।

इससे पहले दिन में केंद्र सरकार ने कहा कि अब तक देश के 10 राज्यों में बर्ड फ्लू प्रकोप की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही जलाशयों, जीवित पक्षियों के बाजार, मुर्गी पालन केंद्रों और चिड़ियाघरों के आसपास निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने एक बयान में कहा, 11 जनवरी 2021 तक देश के 10 राज्यों में एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि हो चुकी है। दस जनवरी तक सात राज्यों केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू के प्रकोप की पुष्टि हुई थी। वहीं सोमवार को दिल्ली, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भी इस वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है।(भाषा)
अगला लेख
केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाईक की कार का एक्सीडेंट, पत्नी की मौत