मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मेरा ब्लॉग
  4. priyanka gandhi love story

क्‍या आप प्र‍ियंका गांधी की ‘लव स्‍टोरी’ के बारे में जानते हैं?

क्‍या आप प्र‍ियंका गांधी की ‘लव स्‍टोरी’ के बारे में जानते हैं? - priyanka gandhi love story
(12 जनवरी को प्र‍ियंका गांधी का जन्‍मदिन है।)

एक लंबे वक्‍त से राजनीति से दूर रही प्रि‍यंका गांधी अब कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी हैं। अब वे यदा-कदा चुनावी रैलियों में नजर आती हैं, पिछले चुनावों में उनकी सक्र‍ि‍य भागीदारी थी। अभी उनकी राजनीतिक पारी चलना बाकी है, लेकिन आज उनकी लव लाइफ के बारे में बात करेंगे।

प्र‍ियंका ने अपने पिता की तरह ही लव मैरिज की है। राजनीति में सक्रिय प्रियंका गांधी की लव लाइफ भी बेहद दिलचस्प रही है। उनका विवाह देश के बड़े बिजनेसमैन रॉबर्ड वाड्रा से हुआ है। दोनों ने 18 फरवरी, 1997 को शादी की थी और आज इन्हें एक साथ रहते हुए करीब 24 साल हो चुके हैं।

प्रियंका को दिल्ली के एक बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा से प्यार हुआ। जब वह पहली बार रॉबर्ट वाड्रा से मिली थीं तो उनकी उम्र महज 13 साल ही थी। दोनों मिले और यह मुलाकात धीरे-धीरे बातचीत और फि‍र प्‍यार में बदल गई।
दरअसल, रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों की मुलाकात रॉबर्ट वाड्रा की बहन मिशेल वाड्रा की वजह से हुई। तभी से ही दोनों एक-दूसरे के अच्छे दोस्त बन गए। रॉबर्ट वाड्रा का परिवार पीतल और आर्टिफिशल ज्वैलरी के बिजनेस में था। कहा जाता है कि रॉबर्ट अक्सर प्रियंका को खास ज्वैलरी तोहफे में दिया करते थे। वाड्रा जल्द ही प्रियंका के भाई राहुल गांधी के भी अच्छे दोस्त बन गए।

उनके बारे में कहा जाता है कि एक बार प्रियंका रॉबर्ट से मिलने के लिए मुरादाबाद पहुंच गई। तभी से उनकी प्रेम कहानी की चर्चा होने लगी। हालांकि रॉबर्ट वाड्रा नहीं चाहते थे कि उनके रिश्ते के बारे में किसी को पता चले।
मीडिया के मुताबि‍क रॉबर्ट वाड्रा ने एक इंटरव्यू कहा था—

'हम दिल्ली के ब्रिटिश स्कूल में पढ़ने के दौरान मिले थे। मुझे लगा कि वह मुझमें दिलचस्पी रखती हैं। हम दोनों एक-दूसरे से काफी बातें करते थे, लेकिन मैं नहीं चाहता था कि लोग इसके बारे में जानें क्योंकि लोग इसे गलत तरीके से ले सकते हैं'

ठीक इसी तरह से प्रियंका ने अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के बारे में एक इंटरव्यू में कहा था---

जब मैं उनसे पहली बार मिली तो उन्होंने मुझे अलग तरह से ट्रीट नहीं किया, मुझे ये अच्छा लगा। वे ईमानदार इंसान हैं। अपने तरीके से जीते हैं। उनके लिए एक हाई प्रोफाइल राजनीतिक परिवार का माहौल बिल्कुल नया था, लेकिन जिस तरह से उन्होंने सब कुछ मैनेज किया वह बेहद कमाल था।

चूंकि प्र‍ियंका राजनीति‍क घराने से थीं, इसलिए उस वक्‍त उनके आसपास सि‍क्‍योरिटी हुआ करती थी, लेकिन दोनों क्लासमेट थे, इसलिए वे किसी न किसी बहाने से मिल ही लिया करते थे। एक दिन मौका पा कर रॉबर्ट वाड्रा ने सीधे प्रियंका के सामने शादी का प्रपोजल रख दिया। चूंकि प्रियंका उन्‍हें पहले से जानती थीं, इसलिए उन्‍होंने तुरंत हां कह दी।

लेकिन कहा जाता है कि रॉबर्ट के पिता इस रिश्‍ते से खुश नहीं थे। लेकिन बाद में सभी ने मिलकर उन्‍हें राजी कर लिया। इस तरह 18 फरवरी 1997 में दोनों की शादी हो गई।

यह शादी सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई। प्रियंका और रॉबर्ट अपने दो बच्चों मिराया और रेहान के साथ गुड़गांव में रहते हैं।