• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Congress will make identity cards of its workers in Madhya Pradesh
Written By Author विकास सिंह
Last Modified: मंगलवार, 16 मई 2023 (18:30 IST)

मध्यप्रदेश में कांग्रेस बनवाएगी अपने कार्यकर्ताओं के पहचान पत्र, भाजपा का तंज, कार्यकर्ताओं की पहचान का संकट

मध्यप्रदेश में कांग्रेस बनवाएगी अपने कार्यकर्ताओं के पहचान पत्र, भाजपा का तंज, कार्यकर्ताओं की पहचान का संकट - Congress will make identity cards of its workers in Madhya Pradesh
madhya pradesh election 2023:चुनाव में कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका होती है। कार्यकर्ता ही पार्टी की वह कड़ी है जो पार्टी को बूथ पर जीत दिलाता है। चुनावी साल में कार्यकर्ताओं को पूरी तरह एकजुट करने में जुटी कांग्रेस पार्टी अब अपने कार्यकर्ताओं के लिए पहचान पत्र देने जा रही है। मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के सभी अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के लिए पहचान पत्र बनाया जाएगा। इसके अलावा बूथ स्तर के पदाधिकारियों को भी पहचान पत्र दिया जाएगा।

पार्टी के द्वारा दिए जाने वाले पहचान पत्र में पार्टी कार्यकर्ता का नाम, पद और स्थान के साथ अन्य जानकारी होगी। वहीं चुनावी साल में कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र देने के पीछे तर्क देते हुए पार्टी के जिम्मेदार नेताओं ने कहा कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो कार्यकर्ताओं का यह पहचान पत्र मुख्यमंत्री निवास में एंट्री के लिए गेट पास की तरह भी काम करेगा। कांग्रेस का दावा है कि सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री निवास में एंट्री के लिए अलग से पहचान पत्र नहीं बनवाना पड़ेगा।

वहीं चुनावी साल में कांग्रेस पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं के पहचान पत्र बनवाने के फैसले पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है। गृहमंत्री ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनो उम्रदराज नेता है और 75 वर्ष की आयु पार कर चुके है। वह कार्यकर्ताओं को पहचान नहीं पाते है इसलिए पार्टी को कार्यकर्ताओं के लिए पहचान पत्र बनवाने की जरुरत पड़ रही है।