सम्बंधित जानकारी
- Exit Poll में कांटे के मुकाबले के अनुमान के बाद मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक ऑपरेशन लोटस की चर्चा
- कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का किया दावा, जीतने के बाद विधायकों को तुरंत भोपाल आने के निर्देश
- Exit Poll को लेकर कमलनाथ का बड़ा बयान, सुरजेवाला ने अफसरों को दी चेतावनी
- Exit Poll: केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के मुरैना जिले में भाजपा और कांग्रेस में बराबर की टक्कर
- मध्यप्रदेश में अबकी बार लाभार्थी बनाम आकांक्षी वोटर्स बनाएंगे नई सरकार?
MP में कांग्रेस की करारी हार के बाद कमलनाथ ने EVM पर उठाए सवाल, इस्तीफे की भी अटकलें
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ हार के कारणों की समीक्षा की। वहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद अब पार्टी ने ईवीएम पर सवाल उठा दिए है।
पीसीसी पहुंचे कमलनाथ ने कहा कि एग्जिट पोल माहौल बनाने के लिए थे, परिणाम उनको पहले से पता था। कमलनाथ ने कहा कि कुछ विधायकों को उनके गांव के बूथ पर 50 वोट मिले,यह कैसे हो सकता है। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भी ईवीएम पर सवाल उठाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मोदी और शाह के इशारे पर ईवीएम ने कांग्रेस को हराया है और भाजपा की सरकार बनाई है।
लहार विधानसभा सीट से चुनाव हारे डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि किसान,बेरोजगार परेशान थे लेकिन नतीजा इसके उलट है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने लोकसभा चुनाव में बोला था कि भाजपा की 300 सीटें आएगी और 300 सीटें आई। वहीं उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सपा की लहर थी जब पीएम मोदी ने कहा कि दो तिहाई से सरकार बनाएंगे और यूपी में भाजपा की सरकार बन गई।
कमलनाथ के इस्तीफे की भी अटकलें- विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई है। कमलनाथ के दिल्ली दौरे को लेकर इस्तीफे की अटकलें लगाई जाने लगी है। मीडिया की खबरों के मुताबिक पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने कमलनाथ से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा मांगा है। ऐसे में अटकलें इस बात की लगाई जा रही है कि कमलनाथ अपने दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप सकते है।
वहीं कमलनाथ से जब कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रदेश की राजनीति से दिल्ली शिफ्ट होने को लेकर सवाल पूछा गया तो कमलनाथ ने साफ कहा कि वह दिल्ली जा रहे है लेकिन केवल 3-4 दिनों की है। कमलनाथ के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चुनाव लड़ी कांग्रेस को हार के सामना करना पड़ा है। हलांकि कमलनाथ अपने गढ छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने सभी सातों सीटों पर जीत हासिल की है।
