1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. सोनिया ने साधा आडवाणी पर निशाना

सोनिया ने साधा आडवाणी पर निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गाँधी ने रविवार को भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को आड़े हाथों लेते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री का अपमान कर समूचे देश का अपमान कर रहे हैं।

पूर्वी उत्तरप्रदेश के अपने एक दिवसीय चुनावी दौरे की अंतिम सभा में कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी पर जमकर निशाना साधा और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह की तारीफों के पुल बाँधते हुए कहा कि कोई बड़ा नेता बड़े-बड़े दावे करने और बातें करने से नहीं होता अलबत्ता हमारी दृष्टि में मजबूत नेता वह होता है जो बड़े-बड़े काम करता है।

आडवाणी का नाम लिए बगैर उनके द्वारा प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह को कमजोर प्रधानमंत्री बताए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोनिया गाँधी ने कहा कि चुनावों के बाद जो प्रधानमंत्री चुना जाता है, वह किसी पार्टी का प्रधानमंत्री न होकर समूचे देश का प्रधानमंत्री होता है। ऐसे में देश के प्रधानमंत्री का अपमान समूचे देश का अपमान है।

सोनिया गाँधी ने भाजपा और उसके नेताओं पर देश को सांप्रदायिक आधार पर बाँटने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे देश को बाँटने की राजनीति करते हैं, जबकि कांग्रेस देश को एक साथ जोड़ने की राजनीति करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाई और उसने देश के सभी वर्गों को साथ लेकर उसके हर हिस्से का विकास किया। उन्होंने कहा कि हम कभी कोई घर बर्बाद नहीं करते जबकि हमारी आलोचना करने वाले लोगों को बर्बाद कर अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेकना चाहते हैं।

इससे पूर्व बलिया के बासगाँव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया गाँधी ने कहा कि भाजपा के जो नेता देश के गृहमंत्री रहे हैं, वे अब प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने गृहमंत्री के रूप में देश के कुख्यात आतंकवादियों को जेल से छोड़ा और अब वे देश को सांप्रदायिक आधार पर बाँटने में लगे हुए हैं।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें