1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

सबकी प्रिय है प्रिया

प्रिया दत्त
उनका नाम है प्रिया, अपने माँ-पिता नर्गिस व सुनील दत्त की वे बचपन से ही प्रिय रही हैं। बड़ी हो गई, शादी रचाई और दो बच्चों की माँ बनीं, लेकिन वे आज भी हैं प्रिया।

उनके नाम की सार्थकता का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब वे कांग्रेस के टिकट पर मुंबई में दुबारा चुनाव मैदान में उसी सीट पर उतरी जिस पर उनके पिता चार बार विजयी हो चुके हैं तो एक नहीं, दो नहीं, तीन नहीं बल्कि चार-चार दिग्गज महिलाओं ने उनके खिलाफ चुनाव लड़ने से मनाकर दिया।

ये महिलाएँ हैं नजमा हेपतुल्ला, स्मृति ईरानी, शायना एनसी और पूनम महाजन। नजमा हेपतुल्ला जहाँ प्रिया की माँ जैसी है वहीं वे राज्यसभा की उप सभापति भी रह चुकी हैं और सुनील दत्त की नजदीकी पारिवारिक मित्र भी। स्मृति ईरानी तो घर-घर की बहू रह चुकी हैं और भाजपा की स्टार प्रचारक भी। लेकिन, यह बहू भी सुनील दत्त की ला़ड़ली प्रिया के सामने चुनाव ल़ड़ने की हिम्मत नहीं जुटा सकीं।

शायना एनसी फैशन डिजाइनिंग की चमक भरी दुनिया की हैं लेकिन मतदाताओं के बीच प्रिया के चमक-दमक से डर सी गईं। इनमें सबसे छोटी भाजपा के दिग्गज नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन ने तो प्रिया के सामने चुनाव ल़ड़ने से इंकार करके यह भी परवाह नहीं कि इससे उनके राजनीतिक जीवन का एक बेहतरीन आगाज होता। वजह चाहे जो भी रही हो, लेकिन एक वजह यह भी कही जा सकती है कि मतदाताओं की प्रिय प्रिया के सामने कहीं इन चारों की लोकप्रियता की कलई ना खुल जाए।-नईदुनिया