1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

संप्रग से देश को खतरा-जोशी

भाजपा
भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा वाराणसी संसदीय क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कांग्रेस, सपा, राजद और कम्युनिस्ट को सांप्रदायिक शक्ति बताते हुए कहा कि इन दलों से देश को असली खतरा है।

जोशी ने रविवार को एक साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस और संप्रग के सहयोगी दल देश को सांप्रदायिक ताकतों से सावधान रहने को कहते हैं, लेकिन शायद उन्हें खुद नहीं पता कि वे स्वयं सांप्रदायिक दल हैं।

उन्होंने पूछा कि जो राजनीतिक दल धर्म के आधार पर लोगों के साथ भेदभाव करें, जो लोग धर्म के आधार पर आरक्षण की बात करें, धार्मिक आधार पर राजनीति करें, वोट की राजनीति के लिए अल्पसंख्यकों का इस्तेमाल करें आखिर वे दल सांप्रदायिक नहीं हैं तो कौन सांप्रदायिक है?

भाजपा नेता ने देश में धार्मिक आधार पर मुसलमानों के लिए सरकारी पदों का अलग से आरक्षण करने का प्रयास करने पर कांग्रेस की तीखी आलोचना की और कहा कि इस तरह की राजनीति आजादी की लड़ाई में मुस्लिम लीग करती थी।

पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री ने आरोप लगाया कि वास्तव में सांप्रदायिक शक्ति कौन है, इसका फैसला देश की जनता करेगी, लेकिन साफतौर पर संप्रग और कम्युनिस्ट पार्टियाँ सदा से सांप्रदायिकता की राजनीति करती रही हैं और पिछले पाँच वर्षों में तो उन्होंने सारी हदें पार कर दीं।

एक प्रश्न के उत्तर में जोशी ने पलटकर सवाल किया कि आखिर संसद पर हमले के षड्यंत्रकारी अफजल गुरु को फाँसी किसने नहीं दी? मजहब के आधार पर आरक्षण की बात कौन करता है? अल्पसंख्यकों को देश के प्राकृतिक संसाधनों का पहला हकदार कौन बनाता है?

उनसे यह पूछा गया था कि सपा प्रमुख मुलायमसिंह यादव, राजद अध्यक्ष लालूप्रसाद, लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान, कांग्रेस एवं कम्युनिस्ट पार्टियाँ देश को भाजपा जैसी सांप्रदायिक शक्तियों से सावधान रहने और देश को बचाने का प्रण कर रही हैं, इस बारे में पार्टी क्या सोचती है?

सवालों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि यह सब कुकृत्य स्वयं कांग्रेस समेत इन्हीं दलों ने मिलकर किया है और इन कुकृत्यों से बढ़कर सांप्रदायिक कार्य क्या हो सकते हैं।

जोशी ने सवाल किया कि हमारे प्रधानमंत्री तक ने आखिर ऐसा क्यों कहा कि देश के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला हक यदि किसी का है तो वह अल्पसंख्यकों का है। यह संप्रदाय के आधार पर की जाने वाली घृणित राजनीति का हिस्सा है।

उन्होंने दो टूक कहा कि जिस प्रकार केरल में कोयंबटूर बम धमाकों के मुख्य आरोपी अब्दुल नासर मदनी के समर्थन से माकपा अपनी चुनावी वैतरणी को पार करने की कोशिश कर रही है, वह संप्रदायवादी राजनीति का बहुत ही खराब रूप है और इसका जवाब इस पार्टी को आम जनता को देना होगा।

भाजपा नेता ने कहा कि जो दल भाजपा को राष्ट्रवाद की बात करने पर सांप्रदायिक बताने की कोशिश करते हैं वास्तव में उनके पास राजनीति का कोई मुद्दा ही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार से धर्म की राजनीति नहीं करती है, उलटे देश को धर्म के आधार पर बाँटने का काम तो कांग्रेस की आदत में शुमार है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें