1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

भाजपा को वोट, भगवान को वोट!

एसएमएस से कानपुर में मचा बवाल

भाजपा
भाजपा को वोट दो, भगवान को वोट दो। भाजपा को वोट देना भगवान को राजतिलक करने के समान है। कानपुर लोकसभा सीट के चुनाव के दौरान शहर के लोगों के मोबाइल पर इस तरह के एसएमएस आने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच जंग छिड़ गई है।

केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री और कानपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी श्रीप्रकाश जायसवाल का कहना है कि वे धार्मिक भावनाएँ भड़काने वाले इस एसएमएस संदेश के बारे में चुनाव आयोग से लिखित शिकायत करेंगे। जब इस बारे में भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी और कैंट सीट से पार्टी के विधायक सतीश महाना से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से या उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरफ से ऐसा किसी तरह का कोई एसएमएस नहीं भेजा जा रहा है।

कानपुर में कुछ लोगों के मोबाइल पर ऐसे संदेश पिछले कुछ दिनों से आ रहे हैं, जिसमें कहा जा रहा है कि भाजपा को वोट दो भगवान को वोट दो और भाजपा को वोट देना भगवान को राजतिलक करने के समान है। शहर के कई लोगों ने बताया कि इस तरह के एसएमएस अधिकतर शहर के कल्याणपुर इलाके में आ रहे हैं। गौरतलब है कि कल्याणपुर इलाके को भाजपा का गढ़ माना जाता है।

इस एसएमएस पर जब कानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी जायसवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खबर लगी है कि इस तरह धार्मिक भावनाएँ भड़काने वाले एसएमएस जनता को भेजे जा रहे हैं, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें