• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. एकजुट राजग ही देगा स्थिर सरकार
Written By भाषा

एकजुट राजग ही देगा स्थिर सरकार

टीआरएस नेता राव भी रैली में शामिल हुए

तेलंगाना राष्ट्र समिति के प्रमुख
राजग के घटक दलों के नेताओं ने रविवार को यहाँ दावा किया कि उनका गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और उनका गठबंधन ही देश में स्थिर सरकार दे पाएगा।

पंजाब में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 13 मई को हो रहे चुनाव के प्रचार के लिए यहाँ आयोजित राजग की रैली में गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेताओ ने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व वाला संप्रग बिखर रहा है, जबकि उनका गठबंधन एकजुट है और उसमें नए घटक शामिल हो रहे हैं।

राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि राजग गठबंधन वर्ष 2004 का चुनाव अतिआत्मविश्वास के कारण हार गया था, लेकिन आज हम चीजों को समग्र रूप में ले रहे हैं। इसलिए इस बार राजग की ही सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए जनता में संदेश गया है कि यही एक गठबंधन है, जो देश को मजबूत, निर्णायक और विकास के पथ पर ले जाने वाली सरकार प्रदान कर सकता है।

आडवाणी ने कहा कि 1998 से 2004 तक राजग की सरकार रही, लेकिन 98 से 2009 के बीच लगभग 11 साल से राजग सत्ता से बाहर है फिर भी यह गठबंधन बरकरार है। वास्तव में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा गठबंधन की राजनीति पिछले दस बारह सालों में उभरी है लेकिन गठबंधन के महत्व को हमने शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर उस समय ही समझा था, जब 1967 में पंजाब में जनसंघ और शिरोमणि अकाली दल की गठबंधन सरकार बनी और मास्टर गुरनामसिंह मुख्यमंत्री बने थे।

आडवाणी ने कहा कि केंद्र में राजग की सरकार बनने पर वे सैनिक सुरक्षा, किसान और खेती से जुड़ी समस्याओं का निदान करते हुए देश को विश्व बिरादरी की अगली पंक्ति में पहुँचाएँगे।

उन्होंने विदेशों में जमा काले धन का जिक्र करते हुए कहा कि जब पहली बार उन्होंने इस बारे में प्रधानमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया तो उस पर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब सरकार ने स्वयं उच्चतम न्यायालय में स्वीकार किया है कि विदेशों में काला धन जमा है।

भाजपा नेता ने कहा कि अगर विदेशों में जमा काला धन हमारे देश में वापस आ जाता है तो हमारे छह लाख गाँवों में एक भी गाँव ऐसा नहीं बचेगा, जहाँ अस्पताल, अच्छी सड़कें, स्कूल और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध न हो।

नदियों को जोड़ने की योजना पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इससे न केवल खेतों को पानी मिलेगा बल्कि हर घर में लोगों की पेयजल की जरूरत पूरी होगी।

भाजपा अध्यक्ष राजनाथसिंह ने कहा कि देश आर्थिक और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। हमारे सामने केवल बाहरी संकट ही नहीं बल्कि गंभीर आंतरिक संकट भी है, जिसके लिए कांग्रेस नीत संप्रग सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पिछले पाँच सालों के दौरान देश में जितनी महँगाई बढ़ी है, उतनी संख्या में किसानों ने आत्महत्या की है।

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को बोफोर्स तोप में दलाली खाने वाले क्वात्रोच्चि की तो चिंता है, लेकिन श्रीलंका में जुल्म का शिकार होने वाले लाखों तमिल भाइयों और आतंकवादियों के हाथों के मारे जाने वाले देश के नागरिकों की कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक महासचिव कहता है कि अफजल गुरु फाँसी लगने वालों की कतार में है और उसकी बारी आएगी तो उसे फाँसी दी जाएगी। मोदी ने कहा कि चूँकि अफजल गुरु कांग्रेस के वोट बैंक में काम आता है, इसलिए उसे फाँसी नहीं दी जा रही है।

मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए नीतीशजी एक उदाहरण हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की भी जमकर तारीफ की।

केंद्र की संप्रग सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र में आडवाणी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी और जदयू उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में राजग को भारी सफलता मिलेगी और पंजाब में रहने वाले बिहार के लोगों से भी वह आग्रह करते हैं कि वे राजग के पक्ष में मतदान करें।

पंजाब से बिहार का गहरा नाता जोड़ते हुए कुमार ने कहा बिहार और पंजाब का अटूट रिश्ता है। पंजाब की समृद्धि में बिहार के लोगों ने अमूल्य योगदान किया है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल ने कहा कि हमारे गठबंधन में न कोई शर्त है और न कोई लोभ-लालच। हमारा गठबंधन ही देश में स्थिर सरकार दे सकता है और लोगों की समस्याओं का निदान कर सकता है।

राजग के समन्वयक शरद यादव ने कहा कि कांग्रेस ने पाँच साल में देश को गर्त में डालने का काम किया है और फिल्मों से 'जय हो...' नारा लेकर लोगों को बहलाने का काम कर रही है। इनेलो प्रमुख चौटाला ने कहा कि देश के लोग एक-एक वोट के महत्व को समझें और राजग को विजयी बनाएँ।

शिवसेना के वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी ने कहा कि देश को एक मजबूत प्रधानमंत्री की आवश्यकता है। जो केवल आडवाणी जी प्रदान कर सकते हैं। इस विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा की तेजतर्रार नेत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि कुछ लोग इस रैली को राजग का शक्ति प्रदर्शन कह रहे हैं, लेकिन हमारा कहना है कि यह आत्मविश्वास का प्रदर्शन है।

इस रैली की खासियत यह रही कि नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार जहाँ एक ही मंच पर नजर आए, वहीं रैली में तेलंगाना राष्ट्र समिति के मुखिया चंद्रशेखर राव ने भी शिरकत की।