बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Delhi Sarafa Bazar
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 30 अगस्त 2019 (16:22 IST)

40000 से नीचे उतरा सोना, चांदी भी लुढ़की

40000 से नीचे उतरा सोना, चांदी भी लुढ़की - Delhi Sarafa Bazar
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु में रही नरमी से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शुक्रवार को 500 रुपए टूटकर 39720 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 450 रुपए की गिरावट में 48600 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। इससे पहले गुरुवार को पहली बार सोना 40 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के पार और चांदी 49 हजार रुपए प्रति किलोग्राम के पार पहुंची थी।

साथ ही चांदी के सिक्कों की कीमत भी कल पहली बार एक हजार रुपए या एक लाख रुपए प्रति सैकड़ा के पार पहुंच गए थे। स्थानीय बाजार पर विदेशी सर्राफा बाजारों का भी असर पड़ा जहां गुरुवार को सोने में एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट रही और नरमी का क्रम आज भी जारी रहा।

लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वहां सोना हाजिर एक डॉलर लुढ़ककर 1526.30 डॉलर प्रति औंस रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 1.40 डॉलर की गिरावट में 1535.50 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध में सुलह की कोशिशें तेज होने से डॉलर मजबूत हुआ है और पीली धातु दबाव में आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की तेजी आज भी जारी रही। चांदी हाजिर 0.23 डॉलर चढ़कर 18.44 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
ये भी पढ़ें
3 लाख फर्जी कंपनियां बंद, 250 करोड़ से ज्यादा कर्ज पर रहेगी नजर