महंगा पड़ा फेसबुक पोस्ट लाइक करना, 2.60 लाख का जुर्माना
Publish Date: Thu, 1 Jun 2017 (13:42 IST)
Updated Date: Thu, 1 Jun 2017 (13:46 IST)
लंदन। स्विट्जरलैंड में एक शख्स को फेसबुक पोस्ट लाइक करना खासा महंगा पड़ गया। इस मामले में एक व्यक्ति को 4,000 डॉलर (करीब 2.60 लाख रुपए) का जुर्माना भरना पड़ा है।
खबर के मुताबिक, एक फेसबुक पोस्ट में पशु अधिकार समूह चलाने वाले इरविन केसलर को नस्लवादी और यहूदी विरोधी बताया गया था। आरोपी ने उस पर कुछ कमेंट्स को लाइक किया था। केसलर ने उस चर्चा में शामिल रहे कई लोगों के खिलाफ मानहानि का दावा किया था।
अदालत ने इस मामले में कई लोगों को दोषी पाया और उन पर भारी जुर्माना किया गया। जज ने कहा कि लाइक बटन क्लिक करने का मतलब है कि वो स्पष्ट रूप से विवादित सामग्री के समर्थन में है।
बताया जा रहा है कि स्विट्जरलैंड में यह अपनी तरह का पहला मामला है जिसमें किसी पोस्ट को केवल लाइक करने वाले को जुर्माना भरना पड़ा है।