1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Wife took husband from Indore to Shillong to kill him

पति को मारने इंदौर से शिलांग ले गई पत्‍नी, लेकिन ऐसे खुली पोल और बच गया पति

Wife took husband from Indore to Shillong to kill him
इंदौर के राजा रघुवंशी कांड ने पूरे देश हो हिला के रख दिया था। इस केस में पत्‍नी सोनम रघुवंशी ने अपने पति को शिलांग ले जाकर उसका मर्डर किया था। अब कुछ इसी तरह का इंदौर का एक और मामला सामने आया है। यह सनसनीखेज मामला खुड़ैल थाना क्षेत्र का है। हालांकि इस बार पति की किस्‍मत अच्‍छी थी कि समय रहते साजिश सामने आ गई और वो बच गया।

दरअसल, एक महिला ने अपने प्रेमी को भाई बताकर वकील से शादी की, फिर उसे शिलांग ले जाकर कथित रूप से जहरीला पदार्थ देकर मारने की कोशिश की। शक गहराया तो साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने वकील की शिकायत पर नीलिमा सेंगर (निवासी उत्तर प्रदेश) और उसके साथी शुभम सेंगर उर्फ गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज किया है।

वकील ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक मैट्रिमोनियल साइट पर महिला का प्रोफाइल देखा था। महिला ने खुद को तलाकशुदा बताया। बातचीत का सिलसिला बढ़ा, मुलाकातें हुई और दोनों ने सहमति से शादी कर ली।शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे एक युवक शुभम का घर पर आना-जाना बढ़ने लगा। पूछने पर महिला ने उसे अपना भाई बताया। वकील को उस समय कोई शक नहीं हुआ।

कुछ समय बाद महिला पति को लेकर शिलांग घूमने गई। वहां घूमने-फिरने के दौरान एक दिन महिला ने खाने में कुछ ऐसा दिया, जिसके बाद वकील की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें खून आने की शिकायत हुई। यहीं से शक गहराया। जब उन्होंने पत्नी से सवाल किए तो उसने किसी भी तरह का जहरीला पदार्थ देने से साफ इनकार कर दिया। लेकिन फरियादी को लगा कि मामला गंभीर है। उन्होंने सतर्कता बरती और खुद को संभाला। फरियादी को आशंका है कि उन्हें जानबूझकर शिलांग ले जाया गया था, ताकि सुनसान इलाके में ले जाकर किसी खाई में धक्का देकर हत्या की जा सके, बिल्कुल चर्चित राजा रघुवंशी कांड की तरह।

जेवर लेकर हुई फरार : जब महिला को अंदेशा हुआ कि उसकी पोल खुल चुकी है, तो वह लाखों रुपए के जेवर लेकर फरार हो गई। फोन पर हुई बातचीत में उसने यह स्वीकार भी किया कि शुभम उसका प्रेमी है और उसी को भाई बताकर मिलवाया था। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में मामला आर्थिक लाभ के लिए रची गई साजिश का प्रतीत हो रहा है। शादी के जरिए भरोसा जीतकर संपत्ति और जेवर हड़पने की योजना बनाई गई थी। हत्या की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
भ्रष्टाचार पर लगाया अंकुश, मजबूत हुई विकास की नींव, अर्थव्यवस्था को मिली नई गति : योगी आदित्यनाथ