शुक्रवार, 18 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Mentally unwell minor found pregnant in Indore
Written By
Last Modified: शनिवार, 11 फ़रवरी 2023 (00:56 IST)

इंदौर में मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग गर्भवती पाई गई, दुष्कर्म का मामला दर्ज

Indore
इंदौर (मध्यप्रदेश)। इंदौर में विशेष जरूरतों वाले लोगों की देखभाल करने वाली एक सामाजिक संस्था के परिसर में रहने वाली 17 साल की मानसिक रूप से अस्वस्थ लड़की के गर्भवती पाए जाने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सम्पत उपाध्याय ने बताया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ 17 वर्षीय लड़की की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि विजय नगर क्षेत्र में एक सामाजिक संस्था के परिसर में रहने वाली उनकी बेटी की स्थिति का बेजा फायदा उठाकर किसी व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया जिससे वह गर्भवती हो गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत गुरुवार रात प्राथमिकी दर्ज की है। उपाध्याय ने कहा, पीड़ित लड़की अभी बता नहीं पा रही है कि उसके साथ किसने और कब दुष्कर्म किया। हम इस मामले में चिकित्सा विशेषज्ञों से परामर्श ले रहे हैं।

डीसीपी ने बताया कि चूंकि गुजरे महीनों में पीड़ित लड़की सामाजिक संस्था के परिसर के साथ ही कुछ समय के लिए अपने घर में भी रही है, इसलिए अभी स्पष्ट नहीं है कि उसके साथ दुष्कर्म कहां हुआ था।

इस बीच, जिला प्रशासन ने भी मामले की जांच के लिए समिति गठित की है। सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक सुचिता तिर्की ने बताया कि यह समिति मानसिक रूप से अस्वस्थ लड़की से दुष्कर्म के सभी पहलुओं पर जांच करेगी और सामाजिक संस्था के परिसर में पहुंचकर विस्तृत छानबीन करेगी।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
Indigo की दिल्ली से लेह जाने वाली उड़ान के यात्री दिनभर रहे परेशान