फॉलोअर्स के लिए हद पार! रेड सिग्नल पर जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर युवती ने बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन में
इंदौर में इन दिनों सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज इस हद तक बढ़ गया है कि लोग ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला इंदौर के लेटन चौराहे का है, जहां एक युवती ने फॉलोअर्स बढ़ाने और वायरल होने के चक्कर में बीच चौराहे पर रील शूट की। ALSO READ: 4 साल से अधूरी सड़क के लिए कीचड़ में बैठे पार्षद और रहवासी, विरोध के बाद जागा इंदौर नगर निगम
वीडियोग्राफर के साथ पहुंची इस युवती ने ट्रैफिक सिग्नल रेड होते ही जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर अलग-अलग पोज देना शुरू कर दिया। चौराहे पर खड़े वाहन चालक यह देखकर हैरान रह गए कि आखिर युवती को क्या हुआ है? हालांकि, कुछ ही देर में साफ हो गया कि यह सब सिर्फ सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए किया जा रहा है।
ब्लैक और ब्राउन कपड़ों में नजर आई प्रकृति नाम की इस युवती के इंस्टाग्राम पर पहले आठ हजार फॉलोअर्स थे, लेकिन इस रील के बाद उसके फॉलोअर्स की संख्या में अचानक तेजी आ गई।
इंदौर में फोटो-VIDEO के लिए जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी युवती:
— SanjayGupta_Journalist (@sanjaygupta1304) August 21, 2026
वाहनों के आगे आकर ट्रैफिक को रोकती दिखी; पुलिस बोली- कार्रवाई करेंगे pic.twitter.com/izp0ibOEg8
पुलिस ने लिया एक्शन, डीसीपी ने दिए जांच के निर्देश
युवती की इस लापरवाही और सनक को ट्रैफिक पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना शुक्रवार से पहले की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि जेब्रा क्रॉसिंग पैदल यात्रियों के सुरक्षित सड़क पार करने के लिए बनाई जाती है। ऐसे व्यस्त चौराहे पर फोटो या वीडियो के लिए लेटना स्पष्ट रूप से यातायात नियमों का उल्लंघन है। पुलिस अब इस मामले में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर युवती के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। ALSO READ: कुत्ता बनकर कलेक्टर के सामने पहुंचा शख्स, देखकर हर कोई रह गया दंग, वजह भी है चौंकाने वाली
याद आया श्रेया का डांस
इससे लोगों को वर्ष 2021 का वह चर्चित मामला याद आ गया, जब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेया कालरा ने विजय नगर क्षेत्र के रसोमा चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल के दौरान डांस कर वीडियो बनाया था। उस समय वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। बाद में श्रेया कालरा ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी गलती स्वीकार की, सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।

