1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. 65 year old man drank acid in ADM cabin

65 साल के बुजुर्ग ने ADM के कैबिन में पिया एसिड, मौत, ये थी वजह?

indore
इंदौर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 65 साल के बुजुर्ग ने ADM के कैबिन में एसिड पी लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। वो कलेक्टर कार्यालय में शिकायत लेकर आया था। मृतक का नाम करण चौहान है। उन्हें उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन उपचार के दौरान मौत हो गई। बता दें कि बुजुर्ग करण चौहान की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा था। जिसकी शिकायत लेकर वे कई बार कलेक्टर के पास पहुंचे, लेकिन कई चक्कर लगाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। इसी से तंग आकर उन्होंने एडीएम के कैबिन में ही एसिड पी लिया। हालांकि घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मामला पूरी तरह से साफ हो सकेगा।

क्यों पिया एसिड : बताया जा रहा है कि देपालपुर क्षेत्र के लिलेंडीपुरा में उसकी 2.25 बीघा जमीन है। जिस पर पांच लोगों ने कब्जा कर रखा है। वह उसकी शिकायत लेकर कई बार कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान कर चुके थे। मंगलवार को फिर वे जनसुनवाई में पहुंचे। इसके बाद वह एडीएम राजेंद्र रघुवंशी के केबिन में पहुंचे और अपना शिकायती आवेदन दिया। कई बार शिकायतों के बावजूद कब्जा न मिलने से दुखी करण अपने साथ एसिड की बोतल लाए थे। उन्होंने केबिन में ही ढक्कन खोला और एसिड गटक लिया। यह देख स्टाफ के कर्मचारी सकते में आए गए। तत्काल करण को एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें भर्ती किया गया, लेकिन रात को करण की उपचार के दौरान मौत हो गई। अब डॉक्टर बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करेंगे और मौत के कारणों का पता लगाएंगे।

कोरे स्टाम्प पर करा लिए थे हस्ताक्षर : करण अपने साथ जो शिकायती आवेदन लाए थे। उनमें पांच लोगों को उल्लेख है। करण ने अपनी शिकायत में कहा कि उसे 2.25 बीघा जमीन पट्टे पर मिली है, लेकिन पांच साल पहले पांच लोगों ने धोखे से कोरे स्टाम्प पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए और जमीन पर खुद कब्जा कर लिया। वे उस जमीन पर खेती भी नहीं करने दे रहे थे।
Edited ; by navin rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
अमेरिका चीन व्यापार वार्ता के आशावाद से Sensex और Nifty में शुरुआती कारोबार में रही तेजी