1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Corona has lowest new cases after 6 months in India

Covid 19 : भारत में 6 माह बाद कोरोना के सबसे कम नए मामले, रिकवरी दर 96.43 प्रतिशत

Coronavirus
नई दिल्ली। भारत में पिछले करीब साढ़े 6 महीने में 24 घंटे में सबसे कम 16,311 कोविड-19 के नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,04,66,595 हो गए जिनमें से 1,00,92,909 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह 8 बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार 161 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,51,160 हो गई।
 
आंकड़ों के अनुसार 1,00,92,909 लोगों के संक्रमणमुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 96.43 प्रतिशत हो गई, वहीं कोविड-19 से मृत्युदर 1.44 प्रतिशत है। देश में उपचाराधीन लोगों की संख्या 3 लाख से कम है। अभी 2,22,526 लोगों का कोरोनावायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.13 प्रतिशत है।
भारत में 7 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख के पार चली गई थी, वहीं संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को 1 करोड़ के पार चले गए थे। 
भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में अभी तक कुल 18,17,55,831 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई जिनमें से 6,59,209 नमूनों की जांच रविवार को की गई।
दुनियाभर में 9 करोड़ लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि : दुनियाभर में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले बढ़कर अब 9 करोड़ के पार चले गए हैं और इससे विश्वभर में करीब 20 लाख लोगों की मौत हो चुकी हैं। दुनिया के विभिन्न देशों में संक्रमण के अलग-अलग स्वरूप (वेरिएंट) सामने आ रहे हैं। जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के रविवार तक के आंकड़ों के अनुसार पिछले मात्र 10 सप्ताह में दुनियाभर में संक्रमण के मामले दोगुने हो गए हैं। कोविड-19 संक्रमण के मामले अक्टूबर अंत में 4 करोड़ 50 लाख हुए थे।
 
जॉन्स हॉप्किन्स के अनुसार रविवार दोपहर तक दुनियाभर में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 9,00,05,787 हो गई। अमेरिका में संक्रमण के 2 करोड़ 22 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। अमेरिका में संक्रमण के दुनिया में सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। (भाषा)
अगला लेख
ममता के सांसद की माता सीता पर अभ्रद टिप्पणी पर बिफरे नरोत्तम,कहा ताड़का के पक्ष का व्यक्ति ऐसा ही बोलेगा