1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. sumona chakravarti endometriosis surgery health update instagram post

सोशल मीडिया से अचानक गायब क्यों हुई थीं सुमोना चक्रवर्ती? खुद बताई हैरान करने वाली वजह

Sumona Chakravarti
'द कपिल शर्मा शो' में कपिल शर्मा की पत्नी मंजू का रोल निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस सुमोना चक्रवर्ती करीब दो महीनों से लाइमलाइट और सोशल मीडिया की चकाचौंध से पूरी तरह दूर हैं। फैंस परेशान थे कि आखिर सुमोना अचानक कहां गायब हो गईं। 
 
अब सुमोना चक्रवर्ती ने खुद इंटरनेट पर वापसी करते हुए अपनी इस लंबी चुप्पी का एक ऐसा कारण बताया है, जिसने हर किसी को हैरान और भावुक कर दिया है। सुमोना ने खुलासा किया है कि वह 'एंडोमेट्रियोसिस' नाम की एक बेहद दर्दनाक और गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, जिसके चलते इसी साल मई में उन्हें एक बड़ी सर्जरी करानी पड़ी।
 
इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा और दिल छू लेने वाला नोट शेयर करते हुए सुमोना ने लिखा, हैलो! लंबे समय बाद वापस लौट रही हूं। पिछले दो महीनों से मैं मानों पाताल में रह रही थी। मैंने होशोहवास में सोशल मीडिया से दूरी बनाई थी। दरअसल, बीते 4 मई को मेरी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई थी। कई सालों तक इसे मैनेज करने की कोशिशों के बावजूद यह बीमारी दुर्भाग्य से बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। आखिरकार इसे अलविदा कहने का समय आ ही गया था।
सुमोना ने बताया कि सर्जरी के बाद के दो महीने उन्होंने खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से ठीक करने में बिताए हैं। उन्होंने बेहद खुशी के साथ फैंस को आश्वासन दिया कि अब वह पूरी तरह से ठीक हैं, बल्कि "बहुत अच्छी" हैं।
 
सुमोना ने भी स्वीकार किया कि रिकवरी के दौरान उनके मन में सोशल मीडिया को हमेशा के लिए छोड़ने का ख्याल आया था। उन्होंने लिखा, एक वक्त ऐसा था जब मैं व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम को पूरी तरह से डिलीट कर देना चाहती थी। लेकिन बाद में अहसास हुआ कि यह व्यावहारिक फैसला नहीं है। मैं अभी पहाड़ों पर संन्यास लेने नहीं जा रही हूं। मेरे पास काम है, परिवार है, दोस्त हैं और एक खूबसूरत जिंदगी है।
 
सुमोना ने कहा कि वह अब सोशल मीडिया को लेकर अपना नजरिया बदलना चाहती हैं। वह अब लाइक्स, कमेंट्स या फॉलोअर्स की अंधी दौड़ का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर बात करना चाहती हैं।
सुमोना चक्रवर्ती ने साल 2021 में पहली बार खुलासा किया था कि वह एंडोमेट्रियोसिस की 'स्टेज 4' से पीड़ित हैं। हाल ही में स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 14' में दमदार खेल दिखाकर सातवें स्थान पर रहने वाली सुमोना ने बताया कि इस सर्जरी के बाद उनके पेट पर तीन गहरे निशान आ गए हैं।
 
सुमोना ने लिखा, ये निशान और यादें इस बात का सबूत हैं कि मैंने जिंदगी को डटकर जिया है। 38 साल की उम्र में मुझे समझ आ रहा है कि बूढ़ा होना या उम्र का बढ़ना कोई डरने वाली बात नहीं है, बल्कि यह एक प्रिविलेज है। अगर उम्र के साथ थोड़ी समझदारी, थोड़ा नया नजरिया, थोड़ा आभार और कुछ निशान मिलते हैं, तो मैं इन सभी को खुशी-खुशी स्वीकार करने के लिए तैयार हूं।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें