1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. diljit dosanjh satluj movie removed from zee5 after 2 days

रिलीज के महज 48 घंटे बाद ही ओटीटी से हटाई गई 'सतलुज', दिलजीत दोसांझ का रिएक्शन आया सामने

Diljit Dosanjh
फेमस पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी फिल्म सतलुज को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी हुई थी। पहले फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कई सारे कट्स लगाने की मांग की थी। 
 
इसके बाद दिलजीत की यह फिल्म सालों से अपनी रिलीज का इंतजार कर रही हैं। हाल ही में यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज की गई। लेकिन दो दिन बाद ही यह फिल्म ओटीटी से हटा ली गई है। जी5 द्वारा फिल्म को अचानक हटाए जाने के फैसले ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
'पंजाब 95' से 'सतलुज' बनने का सफर 
हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म पिछले 4 सालों से सेंसर बोर्ड के चक्रव्यूह में फंसी हुई थी। रिपोर्ट्स की मानें तो सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 120 से ज्यादा कट्स लगाने की मांग की थी। विवाद को टालने और दर्शकों तक सच पहुंचाने के लिए मेकर्स ने इसका टाइटल 'पंजाब 95' से बदलकर 'सतलुज' कर दिया। 
 
आखिरकार, 3 जुलाई को इसे बिना किसी तामझाम के 'अनकट वर्जन' में सीधे जी5 पर स्ट्रीम कर दिया गया। लेकिन यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 5 जुलाई की शाम को इसे अचानक प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
 
फिल्म को इंडिया में 'अनअवेलेबल' करने के बाद ज़ी5 ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। प्लेटफॉर्म ने कहा, रिलीज के बाद से ही 'सतलुज' को दर्शकों का जो रिस्पॉन्स मिला है, वह वाकई कमाल का है। हम इस फिल्म की क्रिएटिव विज़न के साथ मजबूती से खड़े हैं। मौजूदा घटनाक्रमों को देखते हुए, 'सतलुज' अगली सूचना तक भारत में उपलब्ध नहीं रहेगी। हम उचित कानूनी प्रक्रियाओं के जरिए इस फिल्म को अपने दर्शकों के बीच जल्द से जल्द वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
 
"हटा दी तो हटा दें, लोगों ने डाउनलोड कर ली है..." 
इस पूरे विवाद पर दिलजीत दोसांझ का जो रिएक्शन आया है, उसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। दिलजीत ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, "इसे बैन होने से पहले जल्दी से देख डालिए। मॉर्डन टाइम्स की एक बेहतरीन फिल्म है।" इसके साथ ही उन्होंने फिल्म की स्टारकास्ट, विशेषकर सुविंदर विक्की की एक्टिंग की जमकर सराहना की।
 
दिलजीत का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वे हंसते हुए कह रहे हैं, "अब कोई टेंशन नहीं है। हटा दी तो हटा दें क्योंकि लोगों ने इसे ऑनलाइन पहले ही डाउनलोड कर लिया है। मुझे पहले फिक्र थी, लेकिन अब मैं बिल्कुल टेंशन फ्री हूं।" 
 
आखिर क्या है 'सतलुज' की कहानी? 
यह फिल्म महज़ एक सिनेमाई कहानी नहीं है, बल्कि पंजाब के इतिहास का वो पन्ना है जिसे अक्सर दबाने की कोशिश की गई। यह एक बायोग्राफिकल क्राइम ड्रामा है जो मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। फिल्म 1980 और 1990 के दशक के उस दौर को दिखाती है जब पंजाब उग्रवाद और हिंसा की चपेट में था।
 
जसवंत सिंह खालड़ा ने उस दौर में हजारों लावारिस शवों और पुलिस द्वारा किए गए कथित फर्जी एनकाउंटर्स के सच को दुनिया के सामने उजागर किया था, जिसके बाद 1995 में वे खुद रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए थे। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह और सुविंदर विक्की मुख्य भूमिकाओं में हैं।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें