नुसरत भरूचा बाली में हुईं हादसे का शिकार, अस्पताल में भर्ती
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। इंडोनेशियन द्वीप बाली में एक वर्क कमिटमेंट के सिलसिले में गई अभिनेत्री वहां एक दुर्घटना का शिकार हो गई हैं। दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
खबरों के अनुसार नुसरत अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट के सिलसिले में बाली गई थीं और काम खत्म होने के बाद उन्होंने वहां अपना स्टे कुछ दिनों के लिए बढ़ा लिया था। इसी दौरान वे हादसे की शिकार हो गईं।
अभी तक इस बात की जानकारी ठीक-ठीक नहीं लग पाई है कि उनका चोट कितना गंभीर है और किस तरह का हादसा उनके साथ हुआ है। इस खबर के सामने आते ही नुसरत के फैंस और बॉलीवुड सितारों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना शुरू कर दी है।
एक तरफ जहां नुसरत के प्रशंसक उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी पेशेवर जिंदगी से एक बड़ी और उत्साहजनक खबर भी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नुसरत भरूचा ने बॉलीवुड के एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की आगामी ब्लॉकबस्टर फिल्म साइन कर ली है।
नुसरत भरूचा बॉलीवुड की उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और अभिनय के बल पर सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई है। 'प्यार का पंचनामा', 'सोनू के टीटू की स्विटी' और 'छोरी' जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाली नुसरत को हाल ही में कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म 'उफ़ ये सियापा' में अभिनेता सोहम शाह के साथ देखा गया था।

