क्या 'डोला रे डोला' गाने की शूटिंग के दौरान प्रेग्नेंट थीं माधुरी दीक्षित? सरोज खान की असिस्टेंट के दावे पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी
भारतीय सिनेमा के इतिहास में जब भी सबसे बेहतरीन और भव्य डांस नंबर्स की बात की जाएगी, संजय लीला भंसाली की साल 2002 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'देवदास' के गाने 'डोला रे डोला' का नाम सबसे ऊपर आएगा। ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित के जुगलबंदी वाले इस गाने को दो दशक से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी यह चर्चा के केंद्र में है।
हाल ही में, दिवंगत और दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान की पूर्व सहयोगी रुबीना खान ने एक पॉडकास्ट में यह दावा करके सनसनी मचा दी थी कि इस गाने की शूटिंग के दौरान माधुरी दीक्षित चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। अब इस पूरे विवाद और दावों पर खुद 'धक-धक गर्ल' माधुरी दीक्षित ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और सच्चाई सबके सामने रख दी है।
बॉलीवुड ठिकाना को दिए एक इंटरव्यू में रुबीना खान ने पर्दे के पीछे की कुछ कथित मुश्किलें साझा की थीं। उन्होंने कहा था, गाने में एक ऐसा स्टेप है जहां माधुरी मैम को घूमकर बैठना होता है। वह शॉट सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चलता रहा क्योंकि वह उस समय चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। इस वजह से वह ठीक से घूम नहीं पा रही थीं और उन्हें चक्कर आ रहे थे।
रुबीना ने यह भी जोड़ा कि माधुरी को उस वक्त तेज बुखार था, लेकिन सरोज खान (मास्टरजी) के प्रति सम्मान के कारण उन्होंने कभी कोई स्टेप बदलने को नहीं कहा।
अब माधुरी दीक्षित ने मीडिया प्लेटफॉर्म SCREEN से बातचीत के दौरान माधुरी दीक्षित के सामने इस दावे का जिक्र किया गया, तो उन्होंने हंसते हुए इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। माधुरी ने कहा, "मेरे बड़े बेटे अरिन का जन्म 2003 में हुआ था। तो, आप खुद ही गणित लगा लीजिए।"
शूटिंग के दौरान क्यों खराब थी माधुरी की तबीयत?
माधुरी दीक्षित ने उस वक्त अपनी खराब तबीयत की असली वजह भी साझा की। उन्होंने बताया कि उस दौरान उन पर काम का काफी दबाव था। माधुरी ने कहा, मैं उस समय थोड़ा अस्वस्थ महसूस कर रही थी क्योंकि मैं बहुत ज्यादा यात्रा कर रही थी।
उन्होंने कहा, मैं लगातार मुंबई से अमेरिका आ-जा रही थी। इसके अलावा, 'डोला रे डोला' के जितने भी शूट्स थे, वे सभी नाइट शूट्स थे। मेरे लिए वह शेड्यूल बेहद थका देने वाला और कठिन था। मुझे थकान और थोड़ा बुखार जरूर था, लेकिन प्रेग्नेंसी जैसी कोई बात नहीं थी।
माधुरी दीक्षित ने साल 1999 में डॉ. श्रीराम नेने से शादी करने के बाद अमेरिका के डेनवर में शिफ्ट होने का फैसला किया था। शादी के बाद भी वे फिल्मों के लिए भारत और अमेरिका के बीच सफर करती रहीं। 'देवदास' उनके बेटों के जन्म से पहले शूट की गई उनकी आखिरी बड़ी फिल्म थी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें