नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायणम्' इस साल की सबसे चर्चित और प्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। दिवाली 2026 में रिलीज होने वाली इस फिल्म का जब पहला टीज़र 'रामा अवतरण' के रूप में सामने आया, तो इसने सिनेमा जगत में तहलका मचा दिया।
हालांकि, जहां एक तरफ फिल्म के भव्य विजुअल्स की तारीफ हुई, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में कास्ट करने पर एक बड़ी बहस छिड़ गई। कई दर्शक रणबीर को इस दिव्य भूमिका में स्वीकार करने से कतरा रहे हैं।
अब इस पूरे विवाद और हो रही आलोचनाओं पर रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' में श्रीराम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचाने जाने वाले अभिनेता अरुण गोविल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। 'रामायणम्' में अरुण गोविल राजा दशरथ का किरदार निभाते नजर आने वाले हैं।
वैयाइटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में अरुण गोविल ने रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर हो रही ट्रोलिंग और तुलना पर बेहद संजीदगी से बात की। उन्होंने दर्शकों के इस विरोध के पीछे के मनोविज्ञान को समझाते हुए कहा, शायद ऐसा इसलिए है क्योंकि भगवान राम के रूप में मेरा अभिनय एक पैमाना बन चुका है। वह आज भी लोगों के दिलों और दिमाग में पूरी तरह जिंदा है।
अरुण गोविल ने कहा, कोई भी दर्शक किसी दूसरे व्यक्ति को 'राम' के रूप में नहीं देखना चाहता। आज भी उत्तर और मध्य भारत के मेलों या नाटकों में जब श्रीराम की तस्वीरें बिकती हैं, तो उनमें मेरा ही चेहरा होता है। इसलिए दर्शकों के लिए इस बदलाव को स्वीकार करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है।
जब अरुण गोविल से पूछा गया कि वह रणबीर कपूर को इस अवतार में कैसे देखते हैं, तो उन्होंने रणबीर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि एक किरदार को निभाने के हर अभिनेता के अपने तौर-तरीके होते हैं। राम के रूप में मैं उनके अभिनय पर अभी कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन इसमें कोई शक नहीं है कि रणबीर एक बेहतरीन अभिनेता और एक शानदार इंसान हैं। हर एक्टर किसी भी किरदार को अपने अनूठे अंदाज में जीता है और रणबीर ने भी भगवान राम के चरित्र को अपने अलग और अनोखे तरीके से पर्दे पर उतारा होगा।
'रामायणम्' में राजा दशरथ का किरदार निभाने पर अरुण गोविल ने कहा, शुरुआत में वह इस रोल के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा के आग्रह पर वह मान गए, क्योंकि मेकर्स पुरानी रामायण और आधुनिक रामायणम् के बीच एक भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना चाहते थे।
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म बताई जा रही है, जिसका बजट 4,000 करोड़ रुपए से अधिक है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए हॉलीवुड की दिग्गज वीएफएक्स कंपनी 'DNEG' और ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर को जोड़ा गया है।
इस फिल्म में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी माता सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।