1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. antara banerjee fir case wrong identity photo misuse press conference clarification

मेरा इस FIR मामले से कोई संबंध नहीं है, गलत पहचान और तस्वीर के इस्तेमाल पर मीडिया के सामने आईं अभिनेत्री अंतरा बनर्जी

Antara Banerjee FIR controversy
टीवी धारावाहिकों, वेब सीरीज और सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘छाप तिलक’ में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की, जिनमें एक FIR से जुड़ी रिपोर्टिंग के दौरान उनकी तस्वीर और पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया।
 
अंतरा बनर्जी, जिन्होंने बढ़ो बहू, कसौटी जिंदगी की, कवच महाशिवरात्रि, दिव्य दृष्टि, हीरो – गायब मोड ऑन, लाल इश्क, गुमराह और सावधान इंडिया जैसे लोकप्रिय टीवी शो में काम किया है, ने कहा कि FIR में जिस व्यक्ति का उल्लेख है वह कोई और है, जबकि विभिन्न मीडिया संस्थानों ने उनकी तस्वीर प्रकाशित कर दी।
 
FIR की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मामला अंतरा सोहम बनर्जी, ठाणे निवासी एक मॉडल, से संबंधित है और अभिनेत्री अंतरा बनर्जी का इससे कोई संबंध नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरा ने बताया कि खबरें सामने आने के बाद उन्हें 24 घंटे के भीतर 900 से अधिक फोन कॉल, व्हाट्सऐप संदेश और सोशल मीडिया मैसेज प्राप्त हुए, जिससे उन्हें और उनके परिवार को भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
 
अंतरा बनर्जी ने कहा, एक साधारण सत्यापन से यह स्पष्ट हो सकता था कि मेरा इस मामले से कोई संबंध नहीं है। मेरी वर्षों की मेहनत से बनी पहचान को एक गलती की वजह से नुकसान पहुंचा है। 
 
उन्होंने सभी मीडिया संस्थानों, पोर्टल्स, वेबसाइट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील की कि वे जहां भी उनकी तस्वीर या पहचान का गलत उपयोग हुआ है, वहां तत्काल सुधार करें और सही जानकारी प्रकाशित करें।
 
उन्होंने कहा, आज यह मेरे साथ हुआ है, कल किसी और के साथ हो सकता है। किसी की प्रतिष्ठा बनाने में वर्षों लगते हैं और उसे नुकसान पहुंचाने में केवल कुछ मिनट लगते हैं। मैं सभी मीडिया संस्थानों से अनुरोध करती हूं कि किसी भी कानूनी मामले में किसी व्यक्ति की तस्वीर या पहचान प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें। 
 
अंतरा बनर्जी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य मीडिया की आलोचना करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता को सामने लाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित संस्थान जल्द से जल्द आवश्यक सुधार करेंगे ताकि गलत जानकारी के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति की प्रतिष्ठा प्रभावित न हो।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
प्रभास की जिंदगी के ये 7 राज नहीं जानते होंगे आप, बस से कॉलेज जाने से लेकर घर में वॉलीबॉल कोर्ट तक