20 साल छोटी शुभ्रा शेट्टी संग रिश्ते पर अनुराग कश्यप का खुलासा, पहली बार एज गैप पर खुलकर की बात
Image Source: Instagram
हाल ही में जर्नलिस्ट जेनिज सिकेरा को दिए एक जॉइंट इंटरव्यू में इस कपल ने अपने 11 साल लंबे सफर, 21 साल के उम्र के अंतर, शुरुआती झिझक और मुंबई छोड़कर बेंगलुरु बसने के फैसले पर खुलकर बात की है। जब शुभ्रा शेट्टी और अनुराग कश्यप की मुलाकात हुई, तब शुभ्रा महज 20 साल की थीं। वहीं, अनुराग उम्र में उनसे लगभग 20-21 साल बड़े थे। अनुराग कश्यप पहले से शादीशुदा (दो बार) थे और उनकी एक बेटी भी थी।
अनुराग ने इंटरव्यू में कबूल किया कि शुरुआत में वे इस एज गैप को लेकर काफी सजग थे। अनुराग ने कहा, शुरुआत में मैं इतना कॉन्शियस हो गया था कि मैंने उसे खुद से दूर करने की कोशिश की। शुभ्रा का चेहरा उनकी उम्र से काफी छोटा लगता है। जैसे-जैसे मेरी उम्र बढ़ रही थी और वह वैसी ही दिख रही थीं, इससे मेरी हिचकिचाहट और बढ़ जाती थी।
वहीं, शुभ्रा ने बताया कि अनुराग अपनी उम्र और जिंदगी के तजुर्बे की वजह से जिद्दी थे कि शुभ्रा बाहर जाएं, दुनिया देखें और अगर सही लगे तो वापस उनके पास आएं। उन्होंने शुभ्रा को अपनी जिंदगी का फैसला लेने की पूरी आजादी दी थी।
जब माता-पिता को हुई चिंता
किसी भी आम परिवार की तरह शुभ्रा के माता-पिता के लिए भी यह रिश्ता आसान नहीं था। 20 साल की बेटी का अपने से दोगुना बड़े, दो बार तलाकशुदा और एक बच्चे के पिता के साथ रिश्ते में होना परिवार के लिए चिंता का विषय था। शुभ्रा ने बताया कि शुरुआत में उनके माता-पिता को काफी चिंताएं थीं, जो स्वाभाविक भी थीं। लेकिन वक्त के साथ जब उन्होंने दोनों के बीच का मजबूत बंधन देखा, तो उन्होंने अनुराग को स्वीकार कर लिया।
किताबें, फिल्में और फिल्म फेस्टिवल्स ने मजबूत किया रिश्ता
करीब एक दशक पहले अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर शुभ्रा के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिसके बाद मीडिया में उनके रिश्ते की खबरें आने लगीं। हालांकि, दोनों ने कभी भी इस रिश्ते का पब्लिसिटी के लिए इस्तेमाल नहीं किया।
अनुराग ने बताया कि उनका रिश्ता सिर्फ आकर्षण तक सीमित नहीं था, बल्कि किताबें, सिनेमा और फिल्म फेस्टिवल्स उनके कॉमन इंटरेस्ट थे। इसी वजह से दोनों का बॉन्ड दिन-ब-दिन गहरा होता गया। एक शूटिंग के दौरान जब शुभ्रा पूरे समय अनुराग के साथ रहीं, तब अनुराग को यह अहसास हुआ कि शुभ्रा ही वह इंसान हैं जिनके साथ वे अपनी बाकी जिंदगी बिताना चाहते हैं।
ग्लैमर और चकाचौंध से भरी मुंबई नगरी को छोड़कर अब यह कपल बेंगलुरु में शिफ्ट हो चुका है। अनुराग और शुभ्रा वहां एक शांत और सुकून भरी जिंदगी जी रहे हैं।

