सोमवार, 9 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. akshay kumar birthday actor career and movies
Last Modified: सोमवार, 9 सितम्बर 2024 (10:25 IST)

कभी बैंकॉक में शेफ थे अक्षय कुमार, ऐसे बने बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार

akshay kumar birthday actor career and movies - akshay kumar birthday actor career and movies
Akshay Kumar Birthday: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार 57 साल के हो गए हैं। अक्षय कुमार का असली नाम राजीव भाटिया है। उनका जन्म 9 सितंबर 1967 को पंजाब के अमृतसर में एक मध्यम वर्गीय पंजाबी परिवार में हुआ था। अक्षय का बचपन दिल्ली में बीता। पढ़ाई पूरी करने के बाद अक्षय बैंकाक चले गए और वहां बावर्ची का काम करने लगे। इस दौरान वह वहां मार्शल आर्ट सीखा करते थे।
 
बैंकाक से लौटने के बाद अक्षय कुमार मुंबई आ गए और मार्शल आर्ट ट्रेनर का काम करने लगे। इसी दौरान अक्षय की मुलाकात फिल्मकार प्रमोद चक्रवर्ती से हुई। प्रमोद चकवर्ती ने उनसे अपनी फिल्म दीदार में काम करने की पेशकश की। इससे पहले हालांकि उनकी फिल्म सौगंध रिलीज हो गई। इस बीच निर्देशक अब्बास मस्तान की नजर अक्षय कुमार पर पड़ी। उन्होंने उनसे अपनी फिल्म खिलाड़ी में काम करने का प्रस्ताव किया। 
 
साल 1992 में रिलीज रहस्य और रोमांच से भरी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई और वह काफी हद तक इंडस्ट्री में पहचान बनाने में कामयाब हो गए। फिल्म खिलाड़ी की सफलता के बाद अक्षय इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गए। खिलाड़ी के बाद अक्षय कुमार फिल्म इंडस्ट्री में खिलाड़ी कुमार के नाम से मशहूर हो गए। इसके बाद फिल्मकारों ने उन्हें लेकर खिलाड़ी टाइटल वाली कई फिल्मों का निर्माण किया। इनमें मै खिलाड़ी तू अनाड़ी, सबसे बडा खिलाड़ी, खिलाड़ियों का खिलाड़ी, मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी, इंटरनेशनल खिलाड़ी, खिलाड़ी 420 आदि है।
 
साल 1994 अक्षय कुमार के सिने करियर के लिए अहम वर्ष साबित हुआ। इसी वर्ष उनकी ये दिल्लगी, मोहरा, सुहाग, एलान और मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी जैसी सुपरहिट फिल्में रिलीज हुई। फिल्म ये दिल्लगी में उन्हें निर्माता निर्देशक यश चोपड़ा के साथ पहली बार काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित भी किए गए। वर्ष 1994 में ही प्रदर्शित फिल्म मोहरा सिने करियर की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म साबित हुई।
 
साल 1994 में ही अक्षय कुमार की फिल्म मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी भी रिलीज हुई। इस फिल्म में उन्होंने सैफ अली खान के साथ मिलकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस फिल्म में उन पर फिल्माया गाना 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' दर्शको के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। साल 1997 में रिलीज फिल्म दिल तो पागल है अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। इस फिल्म में उन्हें एक बार फिर से निर्माता, निर्देशक यश चोपड़ा के साथ काम करने का अवसर मिला। 
 
इसमें उनके सामने शाहरूख खान थे, इसके बावजूद अक्षय कुमार छोटी सी भूमिका के जरिये दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहे। फिल्म में दमदार अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिये नामांकित भी किए गए। साल 2000 में रिलीज फिल्म हेराफेरी अक्षय कुमार की महत्वपूर्ण फिल्म में शुमार की जाती है। प्रियदर्शन निर्देशित इस फिल्म से पहले लोगो की धारणा थी कि अक्षय कुमार केवल मारधाड से परिपूर्ण अभिनय ही कर सकते हैं, लेकिन इस अक्षय कुमार ने फिल्म में परेश रावल और सुनील शेटृी के साथ मिलकर उन्होंने अपने कारनामों से दर्शको को हंसाते-हंसाते लोटपोट कर दिया। 
 
फिल्म की सफलता को देखते हुए 2006 में इसका सीक्वल फिर हेराफेरी बनाया गया। साल 2001 में अक्षय ने अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना से शादी कर ली। साल 2001 में अक्षय कुमार को निर्माता-निर्देशक अब्बास मस्तान के साथ एक बार फिर से फिल्म अजनबी में काम करने का अवसर मिला। फिल्म में उनका यह किरदार ग्रे शेडस लिए हुए था। इसके बावजूद वह दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे। इस फिल्म के लिये वह सर्वश्रेष्ठ खलनायक के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित भी किए गए।
 
साल 2004 में अक्षय कुमार की एक और सुपरहिट फिल्म मुझसे शादी करोगी रिलीज हुई। डेविड धवन निर्देशित इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और सलमान खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हास्य से भरपूर इस फिल्म में वह सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित किए गए। साल 2007 अक्षय कुमार के सिने करियर के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी नमस्ते लंदन, हे बेबी, वेलकम और भुलभुलैया जैसी सुपरहिट फिल्में रिलीज हुई। इन फिल्मों में अक्षय कुमार के अभिनय के विविध रूप देखने को मिले।
 
फिल्म नमस्ते लंदन के लिए वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित किए गए। वर्ष 2008 में रिलीज फिल्म सिंह इज किंग अक्षय कुमार की सर्वाधिक सुपरहिट फिल्म साबित हुई। रोमांटिक कॉमेडी पर आधारित फिल्म सिंह इज किंग में अक्षय कुमार ने एक भोले भाले और हंसमुख सिख का किरदार निभाया और अपनी जवाब अदाकारी से न सिर्फ दर्शको का दिल जीता बल्कि साल 2008 की सबसे अधिक सफल फिल्म में भी इसका नाम दर्ज करा दिया और दर्शकों के बीच अपने को फिर से किंग साबित कर दिया। 
 
अक्षय कुमार की जोड़ी सुनील शेट्टी के साथ काफी पसंद की गई। वही अभिनेत्रियों में अक्षय कुमार की जोड़ी रवीना टंडन और कैटरीना कैफ के साथ काफी पसंद की गई। अक्षय कुमार ने अभिनय के साथ ही जोकर, ओ माई गाड, पटियाला हाउस, खिलाड़ी 786 और द बॉस, जैसी कुछ फिल्मों का निर्माण भी किया है। अक्षय कंमार की वर्ष 2015 में बेबी, गब्बर इज बैक, ब्रदर्स और सिंह इज ब्लिंग जैसी हिट फिल्म प्रदर्शित हुयी है। साल 2016 अक्षय कुमार के सिने करियर का महत्वपूर्ण वर्ष साबित हुआ है। इस वर्ष अक्षय की एयरलिफ्ट, हाउसफुल 3 और रूस्तम प्रदर्शित हुयी है। तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से अधिक की कमाई की है।
 
साल 2017 में अक्षय की फिल्म जॉली एलएल बी 2 और टॉयलेट एक प्रेमकथा प्रदर्शित हुयी और दोनो ही फिल्में हिट साबित हुयी। साल 2018 में अक्षय की पैडमैन, गोल्ड और 2.0 जैसी हिट फिल्में प्रदर्शित हुयी। 2.0 में अक्षय ने रजनीकांत के साथ काम किया। फिल्म में अक्षय कुमार नेगेटिव किरदार में नजर आये। इसके बाद अक्षय ने केसरी, मिशनमंगल, गुड न्यूज, हाउसफुल 4 लक्ष्मी,सम्राट पृथ्वीराज, सूयर्वशी, बच्चन पांडेय, कठपुतली, अतरंगी रे, राम सेतु, रक्षाबंधन, सेल्फी, ओ माई गाड 2, मिशन रानीगंज, बड़े मियां छोटे मियां में काम किया।