Mangal gochar 2026: आगामी 23 फरवरी 2026 की सुबह 11 बजकर 33 मिनट पर शौर्य और साहस के प्रतीक मंगल देव शनि की राशि कुंभ में प्रवेश करने जा रहे हैं। ब्रह्मांड की इस हलचल का आपकी राशि पर क्या असर होगा, आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का राशिफल। मंगल ग्रह का शनि की राशि कुंभ में गोचर ज्योतिषीय दृष्टि से बड़ा परिवर्तन माना जा रहा है, जिसका प्रभाव सभी 12 राशियों के जीवन, करियर और धन से जुड़े मामलों पर साफ दिखाई देगा।
मेष राशि (Aries):
आपके लिए यह गोचर किसी वरदान से कम नहीं है। करियर में 'ऑनसाइट' अवसरों की दस्तक होगी और प्रमोशन के साथ जेब भी भारी होगी। अगर सरकारी नौकरी का सपना देख रहे हैं, तो राह आसान होगी। प्रेम जीवन में मिठास घुलेगी और आपकी सेहत में गजब का उत्साह बना रहेगा। बस एक बात का ध्यान रखें- खर्चे बढ़ सकते हैं, इसलिए बचत की आदत न छोड़ें।
वृषभ राशि (Taurus):
मंगल का यह पड़ाव आपके लिए चुनौतियों भरा रह सकता है। ऑफिस में काम का दबाव और साथियों से अनबन आपको परेशान कर सकती है। व्यापार में पुरानी नीतियां घाटा दे सकती हैं, इसलिए बदलाव जरूरी है। घर में अचानक आने वाले खर्च आपका बजट बिगाड़ सकते हैं। जीवनसाथी की सेहत और आपसी बातचीत में सावधानी बरतना ही बुद्धिमानी होगी।
मिथुन राशि (Gemini):
इस समय आपकी प्रगति की रफ़्तार कुछ सुस्त रह सकती है। नौकरी के अवसर तो मिलेंगे, लेकिन आपकी उम्मीद से कम। बिजनेस में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ना मुश्किल होगा। प्रेम संबंधों में 'अहंकार' को बीच में न आने दें, वरना रिश्तों की डोर कमजोर पड़ सकती है। जीवनसाथी के स्वास्थ्य पर धन खर्च होने की संभावना है।
कर्क राशि (Cancer):
आपके लिए यह समय संभलकर चलने का है। परिवार में वाद-विवाद और धन हानि के योग बन रहे हैं। कार्यक्षेत्र में अधिकारियों से अनबन हो सकती है, इसलिए चुप रहना ही बेहतर है। व्यापार में सिद्धांतों पर चलने के बावजूद अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। आंखों का खास ख्याल रखें और मानसिक शांति के लिए योग का सहारा लें।
सिंह राशि (Leo):
सिंह राशि वालों के लिए मंगल का गोचर खुशहाली लेकर आ रहा है। विदेश यात्रा के साथ-साथ करियर में स्थिरता आएगी। व्यापार में आप अपने प्रतिद्वंद्वियों पर भारी पड़ेंगे और मुनाफा भी शानदार होगा। घर में किसी मांगलिक कार्य की गूँज सुनाई देगी। आत्मविश्वास और ऊर्जा से आप लबरेज रहेंगे।
कन्या राशि (Virgo):
आपका पूरा ध्यान काम पर केंद्रित रहेगा, जिससे करियर में सुगमता आएगी। व्यापार में नए संपर्कों से लाभ होगा। हालांकि, कमाई के साथ-साथ खर्चों का सिलसिला भी बना रहेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। सेहत के मामले में छोटी-मोटी थकान महसूस हो सकती है, लेकिन कोई बड़ी चिंता नहीं होगी।
तुला राशि (Libra):
करिएर के लिहाज से यह समय उत्साहजनक रहेगा और आपकी मेहनत प्रमोशन की राह खोलेगी। सट्टेबाजी या जोखिम भरे निवेश से लाभ हो सकता है, लेकिन कुल मिलाकर आर्थिक स्थिति सामान्य ही रहेगी। प्रेम जीवन में आपसी समझ की कमी खटक सकती है। खुद को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए बच्चों के साथ समय बिताना अच्छा रहेगा।
वृश्चिक राशि (Scorpio):
पारिवारिक शांति में कुछ कमी आ सकती है और कानूनी विवाद सिर उठा सकते हैं। ऑफिस में वरिष्ठों से मतभेद की आशंका है, इसलिए संयम रखें। व्यापार में मनचाहा लाभ नहीं मिलने से मन खिन्न रह सकता है। सेहत सामान्य रहेगी, लेकिन रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी महसूस हो सकती है।
धनु राशि (Sagittarius):
आपके लिए यह गोचर मील का पत्थर साबित होगा। नौकरी में वेतन वृद्धि और नए अवसरों की बहार आएगी। व्यापार में उच्च मुनाफा होने के संकेत हैं। आर्थिक रूप से आप मजबूत होंगे और पर्याप्त बचत कर पाएंगे। जीवनसाथी के साथ रिश्ता और अधिक गहरा होगा। बच्चों की सेहत का थोड़ा ध्यान रखना होगा।
मकर राशि (Capricorn):
नकारात्मक विचार आपकी कार्यक्षमता पर असर डाल सकते हैं। लक्ष्यों को पाने के लिए आपको दोगुनी मेहनत करनी होगी। बिजनेस में लाभ-हानि का खेल चलता रहेगा, जिससे मन अस्थिर हो सकता है। पारिवारिक जिम्मेदारियां खर्च बढ़ाएंगी। पैरों में दर्द या पाचन संबंधी समस्याओं के प्रति सतर्क रहें।
कुंभ राशि (Aquarius):
चूँकि मंगल आपकी ही राशि में आ रहे हैं, स्वभाव में तेजी आ सकती है। पेशेवर जीवन में सराहना पाने के लिए संघर्ष करना होगा। व्यापारिक रणनीतियों में चूक भारी पड़ सकती है। प्रेम जीवन में गलतफहमियों को जगह न दें। पैरों के दर्द और बढ़ते खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी है।
मीन राशि (Pisces):
इस अवधि में आपको भाग्य का साथ कुछ कम मिलेगा। करियर में प्रमोशन की आस लगाए बैठे लोगों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। व्यापार में गलत फैसले नुकसान करा सकते हैं। धन आगमन में बाधाएं आएंगी और आय के मुकाबले खर्च अधिक होंगे। रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के लिए धैर्य का परिचय दें।