1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. amitabh bachchan reveals favorite jagjit singh ghazal ahista ahista kbc 18

अमिताभ बच्चन को पसंद है जगजीत सिंह की ये गजल, KBC 18 में सुनाया दिल छू लेने वाला किस्सा

Amitabh Bachchan
टेलीविजन के लोकप्रिय क्विज़ शो 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18' के सेट पर अक्सर अमिताभ बच्चन के ज्ञानवर्धक सवालों के साथ-साथ उनकी जिंदगी और कला से जुड़े खूबसूरत किस्से भी सुनने को मिलते हैं। हाल ही में एक एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने गजल गायकी के बेताज बादशाह दिवंगत जगजीत सिंह को याद किया। 
 
इस दौरान बिग बी ने न सिर्फ जगजीत सिंह की अपनी सबसे पसंदीदा गजल का नाम उजागर किया, बल्कि कविता और संगीत के बीच के गहरे रिश्ते पर भी खुलकर बात की। यह पूरा वाकया तब शुरू हुआ जब हॉटसीट पर बैठे प्रतियोगी अनुज भटनागर ने अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान बताया कि वे दिनभर की दिमागी थकान और तनाव को दूर करने के लिए गजल सुनना पसंद करते हैं। 
अनुज ने खुद को जगजीत सिंह का बड़ा प्रशंसक बताते हुए एक गजल गुनगुनाई और फिर उत्सुकता से बिग बी से पूछ लिया कि गजल सम्राट जगजीत सिंह की कौन-सी रचना उनकी सबसे पसंदीदा है? इस पर अमिताभ बच्चन ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, 'हम तो बहुत सारी गजलें सुनते रहते हैं, कभी-कभी संगीत का आनंद लेते हैं। लेकिन जगजीत जी की एक गजल 'आहिस्ता-आहिस्ता' वाली है, वह बेहद खूबसूरत है। वह मुझे बहुत ज्यादा पसंद है।'
 
कविता में छुपा होता है एक अनसुना सुर: अमिताभ बच्चन
बातचीत के दौरान जब प्रतियोगी ने याद दिलाया कि अमिताभ बच्चन और उनके पिता—प्रख्यात कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन—दोनों का ही जगजीत सिंह के साथ गहरा रचनात्मक संबंध रहा है, तो बिग बी पुरानी यादों में खो गए।
 
अपनी मुलाकातों को याद करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा, जो लोग लिखने का काम करते हैं और जो उसे अपनी आवाज देते हैं, उनके बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव बन जाता है। हमारी जब भी मुलाकात होती थी, तो हम एक-दूसरे से पूछते थे कि आपने यह पंक्ति ऐसे क्यों लिखी? या आपने इसे इस तरह क्यों गाया?
उन्होंने आगे कहा, दरअसल, जब भी कोई कविता लिखी जाती है, तो उसमें कहीं न कहीं एक छुपा हुआ सुर और लय होती है। कविता के अंतिम शब्द अगली पंक्ति से इस तरह जुड़ने चाहिए कि एक प्रवाह बने। जो महान गायक होते हैं, वे कविता के इसी छुपे हुए सुर और लय को पहचान लेते हैं और उसी पहचान के आधार पर उसे एक अमर गीत में बदल देते हैं।
 
जगजीत सिंह भारतीय संगीत जगत की वे शख्सियत थे, जिन्होंने गजल को महफिलों की चारदीवारी से निकालकर आम आदमी के दिलों तक पहुंचाया। उनकी सहज गायकी और मखमली आवाज ने गजल विधा को एक नया आयाम दिया। अक्टूबर 2011 में दुनिया को अलविदा कह चुके इस महान कलाकार को भारत सरकार ने 'पद्म भूषण' से सम्मानित किया था।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
कियारा आडवाणी ने छोड़ी थी विग्नेश शिवन की 'लव इंश्योरेंस कंपनी', फ्लॉप के बाद डायरेक्टर बोले- तुम खुशकिस्मत हो