1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. मध्यप्रदेश

किसने रोका विकास?

राहुल गाँधी शिवराज सरकार पर बरसे

चुनाव 2008
इंदौर। पिछले पाँच वर्ष से प्रदेश में भाजपा की सरकार है। चुनाव के समय भाजपा नेताओं ने जो वादे किए थे, अब वे उनका जिक्र नहीं करते। वे जिक्र करते हैं आतंकवाद का और इसके लिए कांग्रेस को दोषी ठहराते हैं। क्या प्रदेश की सड़कों, बिजली के खंबों, सरकारी स्कूलों में आतंकवादी खड़े हैं, जिसके कारण यहाँ विकास नहीं हो पा रहा है।

भाजपा के दावों पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गाँधी ने शनिवार को दशहरा मैदान पर आयोजित आमसभा में ये सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवाद की बात करने वाले यह भूल जाते हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार के कार्यकाल में संसद पर हमला हुआ था।

कंधार विमान अपहरण कांड में भी इसी सरकार ने आतंकवादियों के सामने घुटने टेके थे। भाजपा विकास और काम की बातें कभी नहीं करती। पहले मंदिर का मुद्दा उठाया, लेकिन अब वह कहीं नहीं है। अब विकास के बजाए आतंकवाद की बात कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। यह कहना भी गलत है कि कांग्रेस आतंकवाद से नहीं लड़ती। कांग्रेस आतंकवाद से लड़ती रही है, लड़ेगी और जीतेगी।

गाँधी ने कहा कि वे प्रदेश में कई स्थानों पर जा चुके हैं। गाँवों का दौरा भी किया है,पर विकास कहीं नजर नहीं आया। बिजली, पानी, सड़क की समस्या दूर करने का वादा इस सरकार ने पूरा नहीं किया।

दिल्ली में कांग्रेस की 'आम आदमी' की सरकार है। इस सरकार ने आम आदमी के लिए बहुत सारी योजनाएँ लागू की हैं। रोजगार गारंटी योजना, शिक्षा, कर्ज माफी, जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण योजना का लाभ भी पूरे देश ने उठाया, लेकिन मध्यप्रदेश में इसे ठीक तरह से लागू नहीं होने दिया गया। यही कारण है कि प्रदेश की स्थिति अभी भी बेहद खराब है।

इंदौर को मदद की जरूरत : उन्होंने कहा कि पूरा हिन्दुस्तान तेजी से आगे बढ़ रहा है। बाहर से आए लोग दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, लुधियाना की बातें अक्सर करते हैं, लेकिन उन्होंने इंदौर का नाम किसी के मुँह से नहीं सुना। मध्यप्रदेश के साथ ही इंदौर जैसे शहरों को भी मदद की जरूरत है। इसे आगे बढ़ाना जरूरी है ताकि पूरी दुनिया इंदौर का नाम जान सके। उन्होंने वहाँ मौजूद जनसमुदाय से विकास और प्रदेश की भलाई के लिए कांग्रेस को विजयी बनाने की अपील की।

देशसेवा जारी : पचौरी - इसके पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा कि गाँधी-नेहरू परिवार ने आजादी के पहले से जो देशसेवा का संकल्प लिया है, वह अब तक जारी है। राहुल इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने जनता को बरगला कर वोट ले लिए थे। लेकिन उसके बाद भी बिजली, पानी और सड़क की समस्या जस की तस है। प्रदेश में सरकार का नहीं, भू-माफिया, शिक्षा माफिया, शराब माफिया का राज चल रहा है। पचौरी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए पृथक महिला नीति बनाई जाएगी।

साथ ही उद्योग-धंधों में स्थानीय स्तर पर युवाओं को प्राथमिकता देने के साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण के लिए सच्चर समिति की रिपोर्ट लागू करने के लिए भी एक कमेटी बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री बार-बार कहते हैं प्रदेश हर क्षेत्र में नंबर वन हो गया है। वे बताएँ कहाँ है मध्यप्रदेश नंबर वन। भ्रष्टाचार में, अनुसूचित जाति-जनजाति और महिलाओं पर अत्याचार में या कुशासन में नंबर वन बन चुका है। प्रदेश कर्ज में डूबता जा रहा है, लेकिन सरकार सुनहरे सपने खा रही है।

भ्रष्टाचार के सिवा कुछ न किया : कांग्रेस महासचिव नारायण सामी ने कहा कि भाजपा सरकार ने 5 सालों में भ्रष्टाचार के सिवा और कुछ नहीं किया है। 2003 में भाजपा ने 24 घंटे बिजली पानी देने की बात कही थी। मुख्यमंत्री कहते हैं वे किसान के बेटे हैं, लेकिन उन्होंने किसानों के लिए क्या किया? न बिजली दे पाए और न ही गाँवों में पानी। केंद्र से पैसा मिलने के बाद किसानों को थोड़ी राहत मिली है। किसानों के पेट में दाना नहीं है और मुख्यमंत्री कहते हैं सूर्य नमस्कार करो।

कार्यक्रम में मंच से कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों का परिचय भी करवाया गया। स्वागत उद्बोधन शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने दिया। आभार जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत पाल ने माना। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यादव, राधाकिशन मालवीय, महेश जोशी, कृपाशंकर शुक्ला, उजागरसिंह, चन्द्रप्रभाष शेखर, ललित जैन, अशोक धवन, पंकज संघवी, अर्चना जायसवाल, सरवर खान, सुरेश मिंडा आदि नेतागण मौजूद थे। (नईदुनिया)