1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

मारी खुद के पैर पर कुल्हाड़ी

लोकसभा चुनाव
राजेश सिरोठिया

विधानसभा चुनावों में बुरी तरह पटखनी खाने के बावजूद कांग्रेस कोई सबक सीखने को तैयार नहीं है। शनिवार को कांग्रेस के जो पाँच नाम आए उनसे तो यही लगता है कि तैयारी कोई और करे और टिकट मिले उसे जिसके बारे में किसी ने ख्वाब में भी न सोचा हो। कांग्रेस के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता की टिप्पणी काबिले गौर है- 'जब तक लोग अंदाजा लगाएँगे कि टिकट कैसे मिला तब तक तो चुनाव ही निपट जाएँगे।'

कांग्रेस का दावा चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से महीने भर पहले टिकट बाँटने का था। लेकिन परचे भरने का काम शुरू होने तक पूरे 29 नाम भी घोषित नहीं हो पाए। दो सीटों पर नाम आना अब भी बाकी है। इन सीटों पर भी किसी और का नहीं बल्कि खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के संयोजक अजयसिंह उर्फ राहुल का फैसला होना है।

आरक्षण के दायरे से बाहर निकलने के बाद सीधी का मामला दो लोगों के बीच तय होना था। अटकलें ये थीं कि यहाँ से केंद्रीय मंत्री अर्जुनसिंह की राजनीतिक विरासत या तो उनकी पुत्री वीणासिंह संभालेंगी या पुत्र राहुल।

विकल्प के तौर पर अर्जुनसिंह के खास इंद्रजीत पटेल के बेटे कमलेश्वर पटेल का नाम था। पर टिकट बेटे को नहीं पिता को मिला। लगातार सात बार विधानसभा जीतने वाले इंद्रजीत पटेल यहाँ से उम्मीदवार बनाए गए हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती हाल ही में विधानसभा में हुई अपनी हार की करीब एक लाख सत्तर हजार वोटों की खाई पाटने की होगी। उधर राहुल या वीणा के लिए अब केवल सतना का विकल्प बचा है।

कांग्रेस ने देवास सीट पर भाजपा के दिग्गज दलित नेता थावरचंद गेहलोत के सामने सोनकच्छ विधायक एवं पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा को उतारकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। भोपाल सीट से सुरेंद्रसिंह ठाकुर की उम्मीदवारी ने सबको चौंकाया है। श्री ठाकुर कभी सुरेश पचौरी के खास सखा थे। तब उन्होंने युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष से लेकर राज्यसभा तक का सफर तय किया था। बाद में पचौरी से अदावत हुई और वे बैरसिया और सीहोर विधानसभा चुनाव भी हार गए। लोकसभा का टिकट उनके लिए आखिरी मौका है।

भोपाल से सबसे पुख्ता दावेदारी पीसी शर्मा और सुनील सूद की थी। शर्मा के लिए दिग्गीराजा और सूद के लिए पचौरी कोशिश कर रहे थे। अनिल शास्त्री का नाम भी उछला। ठाकुर को अब कैलाश जोशी के साथ बसपा के अशोकसिंह से भी जूझना होगा, जो स्थानीय भाजपा विधायक ध्रुवनारायण सिंह के भाई हैं। सपा प्रत्याशी और कांग्रेस के दिवंगत नेता रसूल अहमद सिद्दीकी की बेटी फातिमा रसूल सिद्दीकी भी उनकी संभावनाओं को प्रभावित करेंगी।

राजगढ़ सीट पर कांग्रेस ने नारायणसिंह पर दाँव खेला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नारायणसिंह दिग्गी राजा के करीबी हैं और कड़ी टक्कर देने की स्थिति में भी हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में हाल के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को करीब 28 हजार वोटों की बढ़त मिली थी। यहाँ दिक्कत यह है कि उनका मुकाबला दिग्गीराजा के अनुज लक्ष्मणसिंह से है। नारायणसिंह को यदि दिग्गीराजा का अंतिम वक्त तक समर्थन मिलता रहा तो लक्ष्मणसिंह को परेशानी होगी।

इंदौर में पचौरी की हठ दिग्विजय को चुनाव लड़ाने की थी। लेकिन दिग्विजयसिंह ने सिंधिया समर्थक और अपने शिष्य सत्यनारायण पटेल को टिकट दिला दिया। पटेल सुमित्रा ताई के खिलाफ मुकाबले को दिलचस्प तो बना सकते हैं, पर जीत का मंसूबा तो कांग्रेस तभी बाँध सकती थी जब दिग्विजयसिंह मैदान में होते।