1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. मनमोहन ने डाले मुसलमानों पर डोरे

मनमोहन ने डाले मुसलमानों पर डोरे

कहा- हिन्दुस्तान का मुसलमान मुश्किल में

मनमोहनसिंह
प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने लोकसभा चुनाव से ऐन पहले मुसलमानों को लुभाने की कवायद में शुक्रवार को ऐलान किया कि आम सहमति के बिना मुस्लिम पर्सनल लॉ में किसी तरह की तब्दीली नहीं की जाएगी और सत्ता में लौटने पर सांप्रदायिक दंगा विरोधी विधेयक को पारित कराया जाएगा।

सिंह ने यहाँ कांग्रेस का चुनावी घोषणा-पत्र उर्दू में जारी करने के दौरान देश भर के उर्दू पत्रकारों से अलग से बातचीत में कहा कि मैं मानता हूँ कि हिन्दुस्तान के मुसलमानों को काफी मुश्किलात का सामना करना पड़ रहा है। अकसर दहशतगर्दी के नाम पर मुसलमानों को परेशान किया जाता है। एक सिख होने के नाते मुझे अहसास है कि अगर किसी पूरी कौम पर दहशतगर्द का नाम चस्पा कर दिया जाए तो देश का कितना नुकसान होता है।

मुस्लिम पर्सनल लॉ में परिवर्तन नहीं करने का प्रधानमंत्री का यह वायदा महत्वपूर्ण इसलिए माना जा रहा है कि भाजपा के घोषणा-पत्र में इसे समाप्त कर समान नागरिक संहिता लाने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि सिख समुदाय इस बात से अब उबर चुका है और वैसा ही हमें मुसलमानों को मुख्य धारा से जोड़कर मुल्क के विकास में उनकी पूरी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दंगा विरोधी विधेयक सरकार लाई थी, लेकिन कुछ मुस्लिम गैर सरकारी संगठनों ने ही उसमें कुछ खामियाँ पाईं इसलिए उसे आगे नहीं बढ़ाया गया, लेकिन सरकार इसे पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है और सत्ता में आने पर यह कानून बनाया जाएगा।

आडवाणी पर निशाना : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी को निशाना बनाते हुए सिंह ने कहा कि देश को खुद से यह सवाल करना है कि क्या हमारी सरकार ऐसी होनी चाहिए जो सांप्रदायिक तनाव बढ़ाती हो और जिसने एक बार फिर अनुच्छेद 370, समान आचार संहिता, राम मंदिर विवाद ऐसे समय में उठाया है, जब भारत आतंकी खतरे का सामना कर रहा है। हमारी सरकार निर्णायक होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो लोग जनता को बाँटने का प्रयास करते हैं, वे आर्थिक संकट आतंकवाद और गरीबी से निपटने में सक्षम नहीं हैं। आडवाणी पर फिर प्रहार करते हुए सिंह ने कहा कि आडवाणी बाबरी मस्जिद ढहाए जाते समय मौजूद थे और यदि वह निर्णायक नेता होते तो उन्होंने इसे रोकने के लिए खुद को दाँव पर लगा दिया होता।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें