1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर

जब बि‍गड़ गए जीमेल के सुर

मेन पेज से स्वर हुए गायब

आईटी
दुनिया की प्रमुख ईमेल सेवा जीमेल के लिए पहली अप्रैल का दिन अच्छा नहीं रहा और उसके मेनपेज से अंग्रेजी के पाँचों स्वर अक्षर गायब हो गए। जीमेल को इस समस्या से पहली बार दोचार होना पड़ा है। हालाँकि इस दिक्कत का असर यूजर्स पर नहीं देखा गया और जीमेल सेवा सामान्य काम कर रही है।

कंपनी के अभियांत्रिकी निदेशक सेम शिलेस ने इस घटना पर खेद व्यक्त करते हुए इसे 'वॉवल औटेज' करार दिया है। दरअसल गूगल की इमेल सेवा जीमेल के मेन पेज पर अंग्रेजी के स्वर 'ए, ई, आई, ओ, यू' गायब हो गए हैं और बाकी शब्द आपस में गडमड हो गए हैं।

उन्होंने इसे जीमेल का पहला अस्थायी 'वॉवेल औटेज' (स्वर लोप) करार दिया।

दरअसल यह समस्या भारतीय समयानुसार रात सवा आठ बजे के आसपास शुरू हुई जब गूगल अपने एक डेटा सेंटर का नियमित रखरखाव कर रही थी। समस्या की शुरुआत 'ए' स्वर से शुरू हुई और धीरे धीरे पाँचों स्वर जीमेल के मेनपेज से लुप्त हो गए और यह समस्या कंपनी के अन्य डेटा सेंटरों में भी फैल गई।

उल्लेखनीय है कि जीमेल की शुरुआत एक अप्रैल 2004 को हुई थी। यह नि:शुल्क है और इसके उपयोक्ताओं को फिलहाल सात जीबी से अधिक का स्पेस दिया जा रहा है। दुनिया भर में अरबों लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। इस तकनीकी गड़बडी के बारे में जीमेल के स्थानीय अधिकारियों से संपर्क नहीं किया जा सका।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें