अमरोहा में ठंड से बचने केे लिए अंगीठी जलाकर सो रहा था परिवार, 5 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में दर्दनाक हादसा
Amroha news in hindi : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के एक गांव में ठंड से बचने के लिए घर पर अंगीठी जलाकर सो रहा परिवार एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। दम घुटने से 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में बेहोश हुए 2 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमरोहा के जिलाधिकारी राजेश त्यागी के अनुसार, 'यह मामला जिले के ढक्का गांव का है। कमरे में जलाए गए कोयले पर पहले खाना बनाया गया। फिर उसी कमरे में सात लोग सोए हुए थे।'
बताया जा रहा है कि कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिससे दम घुटने से पांच लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें 2 पुरुष हैं और 3 महिलाएं हैं। 2 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह से शाम तक जब पड़ोस के लोगों को घर में हलचल नहीं दिखाई दी तो लोगों को अनहोनी का शक हुआ। जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो घर में धुआं दिखाई दिया। बिस्तर पर परिवार को लोग पड़े हुए थे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के कई शहरों में शीतलहर की स्थिति है। कई स्थानों पर लोगों को अलाव जलाकर हाथ तापते देखा जा सकता है। कोहरे की वजह से सड़क यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है।
Edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें