सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना पर अखिलेश का दावा, सपा राज में हो गया था तीन चौथाई काम
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन किए जाने से कुछ घंटे पहले शनिवार सुबह दावा किया कि इस परियोजना का तीन चौथाई काम राज्य में पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में ही पूरा हो गया था।
यादव ने ट्वीट कर कहा कि सपा के समय तीन चौथाई बन चुकी सरयू राष्ट्रीय परियोजना के शेष बचे काम को पूर्ण करने में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने पांच साल लगा दिए। सपा का 2022 में फिर नया युग आएगा… विकास की नहरों से प्रदेश लहलहाएगा!'
सपा के समय तीन चौथाई बन चुकी सरयू राष्ट्रीय परियोजना के शेष बचे काम को पूर्ण करने में उप्र भाजपा सरकार ने पाँच साल लगा दिए।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 11, 2021
22 में फिर सपा का नया युग आएगा… विकास की नहरों से प्रदेश लहलहाएगा! #सपा_का_काम_जनता_के_नाम
प्रधानमंत्री मोदी बलरामपुर में कुछ ही देर में सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि आपको जानकर हैरानी होगी कि सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना पर 1978 में काम शुरू हुआ था लेकिन दशकों तक यह परियोजना कभी पूरी नहीं हुई। खर्च बढ़ गया और लोगों की परेशानी भी बढ़ गई। जो परियोजना चार दशक से अधूरी थी, उसे चार साल में पूरा किया गया है।'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर कहा, 'जनविरोधी विपक्षी सरकारों की अकर्मण्यता के कारण विगत पांच दशकों से उत्तर प्रदेश में 18 कृषि कल्याणकारी परियोजनाएं लंबित थीं। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में किसान हित को समर्पित वर्तमान प्रदेश सरकार ने उनमें से 17 परियोजनाओं को धरातल पर उतार दिया है। आभार प्रधानमंत्री जी!'
योगी ने एक अन्य ट्वीट किया, 'पांच नदियों 'घाघरा, सरयू, राप्ती, बाणगंगा एवं रोहिणी' को जोड़ने वाली 'सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना' जल संसाधनों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करती 'प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना' की सबसे बड़ी परियोजना है। इस युगांतकारी सौगात हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार!'

