1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. share market crash sensex nifty falls pm modi speech

Share Market Crash : सेंसेक्स 1300 अंक टूटा, निफ्टी में भारी गिरावट, क्या PM मोदी की अपील से डरे निवेशक? जानिए क्या रहे 5 कारण

share market 13 march
भारतीय शेयर बाजार के लिए सप्ताह का पहला दिन बेहद निराशाजनक रहा। सोमवार को चौतरफा बिकवाली के कारण दलाल स्ट्रीट पर हाहाकार मच गया। बीएसई (BSE) सेंसेक्स 1,313 अंक की भारी गिरावट के साथ 76,015 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि एनएसई (NSE) निफ्टी 360 अंक टूटकर 24,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 23,815 पर आ गया।

बाजार में गिरावट के मुख्य कारण

1. ट्रंप का कड़ा रुख और ग्लोबल तनाव: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव को 'पूरी तरह अस्वीकार्य' बताने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव फिर से बढ़ गया है। इससे वैश्विक निवेशकों में डर का माहौल है।
 
2. कच्चे तेल की कीमतों में आग: वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने से ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 2.23% बढ़कर 103.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई हैं। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश तेल आयात करता है, इसलिए तेल की कीमतों में वृद्धि भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा झटका है।
3. पीएम मोदी की 'मितव्ययिता' की अपील : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना में एक रैली के दौरान देशवासियों से विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन की खपत कम करने, मेट्रो का उपयोग करने और एक साल तक सोने की खरीद व विदेश यात्रा टालने की अपील की। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशकों ने इसे भविष्य के आर्थिक दबाव और विदेशी मुद्रा भंडार पर संकट के संकेत के रूप में लिया।
 
4. विदेशी निवेशकों (FII) की बिकवाली : विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली ने बाजार के सेंटीमेंट को कमजोर कर दिया है। पिछले सत्र में ही एफआईआई ने 4,100 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर बेचे थे।
 
5. दिग्गजों के शेयरों में गिरावट: सेंसेक्स की बड़ी कंपनियों में टाइटन का शेयर 7% तक लुढ़क गया। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई (SBI), और भारती एयरटेल जैसे बड़े शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
 

इन शेयरों ने दिखाई मजबूती

भारी गिरावट के बीच भी कुछ शेयरों में खरीदारी देखी गई। सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
वाराणसी में राज्यपाल और CM योगी ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, शंखध्वनि-डमरू से हुआ भव्य स्वागत